होम / बिजनेस / Air India - Vistara के मर्जर को TATA बेकरार, कंपनी को इस तरह होगा फायदा
Air India - Vistara के मर्जर को TATA बेकरार, कंपनी को इस तरह होगा फायदा
टाटा समूह के पास इस समय विस्तारा, एयर इंडिया, एयरएशिया इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस का मालिकाना हक है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
टाटा ग्रुप (Tata Group) एविएशन सेक्टर पर बादशाहत की कोशिशों में जुटा हुआ है. इसी क्रम में उसके स्वामित्व वाली एयरलाइन 'एयर इंडिया' (Air India) ने विस्तारा (Vistara) के विलय के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) से संपर्क किया है. टाटा ग्रुप ने CCI को भेजे अपने आवेदन में कहा है कि इस विलय से प्रतिस्पर्धी परिदृश्य में कोई बदलाव नहीं आएगा. टाटा की विस्तारा में 51% हिस्सेदारी है, जबकि शेष 49% हिस्सेदारी सिंगापुर एयरलाइंस (SIA) के पास है. इस विलय के बाद एयर इंडिया में SIA की हिस्सेदारी 25.1% हो जाएगी.
बस मंजूरी का इंतजार
कुछ वक्त पहले एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कैंपबेल विल्सन ने कहा था कि विस्तारा के एकीकरण की प्रक्रिया जारी है और हमें भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से मंजूरी का इंतजार है. इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस और एआईएक्स कनेक्ट (पूर्व में एयरएशिया इंडिया) के एकीकरण की प्रक्रिया भी चल रही है. बता दें कि टाटा ग्रुप ने मार्च 2024 तक अपनी एयरलाइंस विस्तारा और एयर इंडिया के विलय की घोषणा की है. टाटा समूह अपने सभी एयरलाइन कारोबार को एक साथ लाना चाहता है.
2013 में हुई थी स्थापना
विस्तारा एयरलाइन अभी टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस लिमिटेड की ज्वाइंट वेंचर है. इसकी स्थापना 2013 में हुई थी. इसका मिडिल ईस्ट, एशिया और यूरोप में अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन है. विलय सौदे के तहत, सिंगापुर एयरलाइंस 'एयर इंडिया' में 2,059 करोड़ रुपए भी निवेश करेगी. टाटा ग्रुप ने कुछ वक्त पहले बताया था कि इस विलय के बाद एयर इंडिया 218 एयरक्राफ्ट्स के साथ देश की प्रमुख घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन बन जाएगी. टाटा समूह के पास इस समय विस्तारा, एयर इंडिया, एयरएशिया इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस का मालिकाना हक है.
अभी इंडिगो का है दबदबा
टाटा समूह एयर इंडिया को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की योजना पर काम कर रहा है. इसी के मद्देनजर एयर इंडिया ने 14 फरवरी को 470 विमानों के लिए ऑर्डर देने की घोषणा की थी, इसमें से 70 बड़े आकार के विमान हैं. मौजूदा वक्त में इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है और उसका मार्केट शेयर एयर इंडिया से ज्यादा है. इंडिगो 100 डेस्टिनेशन कवर करती है, जिसमें 74 घरेलू और 26 अंतर्राष्ट्रीय शामिल हैं. भारत में कंपनी का मार्केट शेयर 57.7% है. लगभग 76.40 हजार करोड़ रुपए के मार्केट कैप वाली इंडिगो एयरलाइन की शुरुआत साल अगस्त 2006 में हुई थी.
टैग्स