होम / बिजनेस / आज फिर है शेयर बाजार में छुट्टी, बैंकों में भी नहीं होगा कामकाज
आज फिर है शेयर बाजार में छुट्टी, बैंकों में भी नहीं होगा कामकाज
आज गुड फ्राइडे है और इस उपलक्ष्य में स्टॉक मार्केट के साथ-साथ बैंकों में छुट्टी है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार (Stock Market) में आज कोई ट्रेडिंग नहीं होगी. शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश है, लिहाजा बाजार सीधे सोमवार को खुलेगा. इसी तरह, बैंक (Banks) भी आज बंद रहेंगे. कल महीने का दूसरा शनिवार है, यानी बैंकों में अवकाश रहेगा और वह भी सीधे सोमवार को खुलेंगे. दरअसल, आज गुड फ्राइडे है और इस उपलक्ष्य में स्टॉक मार्केट और बैंकों में छुट्टी है.
बाजार में आई थी तेजी
शेयर बाजार की बात करें, तो गुरुवार को मार्केट तेजी के साथ बंद हुआ था. रिजर्व बैंक के रेपो रेट में किसी तरह का बदलाव नहीं करने के फैसले को बाजार ने पॉजिटिव सेंस में लिया और उसमें मजबूती देखी गई. कारोबार के अंत में BSE सेंसेक्स 143.66 अंक चढ़कर 59,832.97 और NSE निफ्टी 42.10 अंकों के उछाल के साथ 17,599.15 के लेवल पर बंद हुआ. गौरतलब है कि विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार पर फिर से मेहरबान हो गई हैं. उनकी तरफ से लगातार लिवाली यानी खरीदारी की जा रही है.
अभी एक और छुट्टी बाकी
इससे पहले, महावीर जयंती के उपलक्ष्य में 4 अप्रैल को शेयर बाजार में छुट्टी रही थी. अप्रैल में अभी एक और छुट्टी रहेगी. 14 अप्रैल को डॉ बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के मौके पर भी बाजार में कारोबार नहीं होगा. इसके अलावा, एक मई को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर भी बाजार बंद रहेगा. मई में केवल यही एक छुट्टी है. यानी मई में एक दिन की छुट्टी के अलावा, स्टॉक मार्केट केवल साप्ताहिक अवकाश पर ही बंद रहेगा.
बैंकों में रहेंगी ये छुट्टियां
इस महीने बैंकों में भी कई छुट्टियां हैं. 14 अप्रैल को डॉ बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के मौके पर कुछ राज्यों में बैंक बंद रहेंगे. जबकि 15 अप्रैल को बोहाग बिहू के चलते अगरतला, गुवाहाटी, कोच्ची, कोलकाता, शिमला और केरल जोन में बैंकों की छुट्टी रहेगी. 18 अप्रैल को शब ए कद्र के चलते जम्मू और श्रीनगर जोन में बैंक बंद रहेंगे. इसी तरह, 21 अप्रैल ईद के मौके पर भी बैंकों में अवकाश रहेगा. बता दें कि बैंकों में छुट्टियां राज्यों के हिसाब से होती हैं. लिहाजा यह जरूरी नहीं है कि यदि एक राज्य में बैंक बंद हैं, तो बाकी जगह भी उनकी छुट्टी हो.
टैग्स