होम / बिजनेस / SpiceJet की इस मांग पर SC ने जताई सहमति, अब करना होगा ये काम
SpiceJet की इस मांग पर SC ने जताई सहमति, अब करना होगा ये काम
इस मामले में क्रेडिट सुइस की ओर से स्पाइसजेट के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की गई थी जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने स्पाइजेट को आदेश दिया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
क्रेडिट सुइस के साथ लेन देन में फंसी स्पाइसजेट ने एरियर के 3 मिलियन डॉलर की पेमेंट करने के लिए कोर्ट से 6 महीने का समय मांगा है. स्पाइसजेट ने उनके प्वॉइंट को सुनने के लिए सुप्रीम कोर्ट का आभार भी जताया है. इससे पहले 1.5 मिलियन डॉलर की पेमेंट करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से स्पाइसजेट को केवल 3 दिनों का समय दिया गया था.15 सितंबर तक स्पाइसजेट को ये पेमेंट करना था जो उसने कर दिया.
स्पाइसजेट की ओर से क्या कहा गया?
सुप्रीम कोर्ट में दी गई जानकारी के बारे में बताते हुए स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि अपने पिछले जवाब के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हमारे जवाब को सुना और उस पर सहमति व्यक्त की. कंपनी ने 3 मिलियन एरियर की पेमेंट करने के लिए 6 महीने का समय मांगा था. हम समझते हैं कि ये कंपनी और उसके स्टॉकहोल्डरों के लिए बहुत अच्छा है. स्पाइसजेट की ओर से ये भी कहा गया है कि वो अपना बकाया समय पर चुकाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने स्पाइसजेट को लगाई थी फटकार
इससे पहले इस मामले की सुनवाई करते हुए 11 सितंबर को एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट को सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई थी. सुप्रीम कोर्ट ने स्पाइसजेट को स्विट्जरलैंड की क्रेडिट सुइस को 1.5 मिलियन डॉलर का बकाया चुकाने का आदेश दिया था. सुप्रीम कोर्ट ने इस बकाए को चुकाने के लिए एयरलाइन को 15 सितंबर तक का समय दिया था. कोर्ट ने स्पाइसजेट को समय पर भुगतान करने की चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर एयरलाइन सही समय पर भुगतान नहीं करती है तो कोर्ट को 'कड़े कदम' उठाने होंगे। हालांकि कड़ी फटकार के बाद एयरलाइन की ओर से तय समय पर भुगतान कर दिया गया था.
क्रेडिट सुइस ने दायर की थी अवमानना याचिका
इस मामले में स्विस निवेश फर्म क्रेडिट सुइस ने अवमानना याचिका दायर की थी. इसमें आरोप लगाया था कि अजय सिंह और स्पाइसजेट निर्धारित समय के अनुसार भुगतान नहीं कर रहे हैं और अब तक उन पर 6.5 मिलियन डॉलर का बकाया है. स्विस कंपनी ने साल 2013 में विमान के इंजन की सर्विसिंग के भुगतान के लिए 24 मिलियन डॉलर से अधिक के कुछ बिलों का भुगतान करने में विफल रहने के लिए एयरलाइन के खिलाफ मामला दायर किया था.
टैग्स