होम / बिजनेस / 1 साल में 210% से ज्यादा रिटर्न, क्या अब भी South Indian Bank के स्टॉक में बचा है दम?
1 साल में 210% से ज्यादा रिटर्न, क्या अब भी South Indian Bank के स्टॉक में बचा है दम?
केरल के त्रिशूर मुख्यालय वाले प्राइवेट सेक्टर के साउथ इंडियन बैंक के शेयरों ने अब तक अपने निवेशकों को अच्छा-खासा रिटर्न दिया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
शेयर बाजार में साउथ इंडियन बैंक (South Indian Bank) के शेयर की काफी चर्चा है. पिछले एक साल में इस शेयर ने अपने निवेशकों को 210% से ज्यादा का रिटर्न दिया है. यह अपने 52 वीक के हाई लेवल 24.90 रुपए की तरफ तेजी से बढ़ रहा है. बीते 5 कारोबारी सत्रों में ही यह शेयर 14.49% चढ़ चुका है, जो हैवीवेट शेयरों के लिए भी आसान नहीं होता. ऐसे में यह सवाल लाजमी है कि क्या अब भी इस शेयर में निवेश की संभावनाएं बची हैं?
ग्रीन जोन में कारोबार
साउथ इंडियन बैंक का शेयर आज यानी बुधवार को भी 4% से ज्यादा की तेजी के साथ 24.50 रुपए पर कारोबार कर रहा है. करीब 5018 करोड़ रुपए के मार्केट कैप वाले इस बैंक के शेयर का पिछला रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है और यह लगातार ग्रीन जोन में बना हुआ है. 24 जुलाई को साउथ इंडियन बैंक के शेयर का भाव 20.60 रुपए था, जबकि 23 फरवरी को इसकी कीमत 16.75 रुपए थी. पिछले साल 23 अगस्त को ये शेयर 8 रुपए से नीचे कारोबार कर रहा था और आज 24.90 रुपए के आंकड़े पर पहुंच गया है. उस दौर में साउथ इंडियन बैंक के शेयरों में निवेश करने वालों को अब तक 210 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न मिल चुका है.
ब्रोकरेज फर्म है बुलिश
अब अपने सवाल पर वापस लौटते हैं कि क्या इस शेयर में अभी भी निवेश की संभावना है? एक मीडिया रिपोर्ट में ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज के हवाले से साउथ इंडियन बैंक के शेयरों के टारगेट प्राइज का जिक्र किया गया है. ICICI Securities ने इसका टारगेट प्राइज 28 रुपए रखा है. जिसका मतलब यह है कि मौजूदा लेवल से भी साउथ इंडियन बैंक के शेयर लगभग 20% तक का रिटर्न दे सकते हैं. दरअसल, साउथ इंडियन बैंक के MD और सीईओ के रूप में P. R. Seshadri की नियुक्ति को बैंक के लिए पॉजिटिव कदम बताया जा रहा है.
इस बात की है उम्मीद
माना जा रहा है कि इस नियुक्ति से आने वाले दिनों में बैंक का कामकाज और मुनाफा तेजी से बढ़ सकता है. यही वजह है कि आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने साउथ इंडियन बैंक के शेयरों का टारगेट प्राइज 28 रुपए रखा है. ब्रोकरेज फर्म ने अपनी एक रिसर्च रिपोर्ट में कहा है कि 3 साल के लिए पीआर शेषाद्री को बैंक का MD एवं CEO बनाया गया है. शेषाद्री नए जमाने के लैंडिंग प्रैक्टिस, रिस्क आर्किटेक्चर ओवरहॉलिंग और HR प्रैक्टिस के ट्रांसफॉर्मेशन के लिए विख्यात हैं. लिहाजा, उम्मीद की जा रही है कि इससे बैंक के कामकाजी मुनाफे में अच्छी तेजी आ सकती है.
टैग्स