होम / बिजनेस / Anamika Sugar Mills का हो गया सौदा, खरीदने वाली कंपनी के शेयरों की बढ़ी मिठास
Anamika Sugar Mills का हो गया सौदा, खरीदने वाली कंपनी के शेयरों की बढ़ी मिठास
मुंबई मुख्यालय वाली कंपनी श्री रेणुका शुगर्स ने उत्तर प्रदेश की अनामिका शुगर मिल्स को खरीदने के लिए एक समझौता किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
अनामिका शुगर मिल्स (Anamika Sugar Mills) का सौदा हो गया है. श्री रेणुका शुगर्स (Shree Renuka Sugars) ने 235.5 करोड़ रुपए में अनामिका शुगर मिल्स में 100% हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक समझौता किया है. इस डील से श्री रेणुका शुगर्स को उत्तर प्रदेश में अपने पैर जमाने में मदद मिलेगी. इस खबर के सामने आते ही श्री रेणुका शुगर्स के शेयरों में आज यानी बुधवार को उछाल देखने को मिला. कारोबार की समाप्ति पर कंपनी के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 55.40 रुपए पर बंद हुए.
फायदेमंद रहेगी डील
श्री रेणुका शुगर्स ने शेयर बाजार को बताया है कि अनामिका शुगर मिल्स प्राइवेट लिमिटेड में 100% इक्विटी हिस्सेदारी के लिए उसके साथ 26 सितंबर 2023 को एक शेयर खरीद समझौता किया है. जानकार मानते हैं कि यह डील श्री रेणुका शुगर्स के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी. इसके जरिए वो सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्यों में से एक उत्तर प्रदेश में अपनी उपस्थिति को मजबूत कर पाएगी और उत्तर तथा पूर्वी भारत के बाजारों की जरूरत को पूरा करने की बेहतर स्थिति में होगी. श्री रेणुका शुगर्स ने यूपी में अनामिका शुगर मिल्स के प्लांट की संख्या बढ़ाने और उनके आधुनिकीकरण पर विचार कर रही है.
इतने शेयरों की होगी खरीद
इस डील के फाइनल होने के बाद अनामिका श्री रेणुका शुगर्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई बन जाएगी. समझौते के अनुसार, श्री रेणुका 47.05 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से अनामिका शुगर मिल्स के लगभग 5 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदेगी. डील जो 15 अक्टूबर तक अंतिम रूप दिया जा सकता है. 2010 में अस्तित्व में आई अनामिका चीनी और चीनी उत्पादों की खेती, विनिर्माण, प्रसंस्करण, शोधन, वितरण, विपणन और व्यापार के व्यवसाय में शामिल है. कंपनी ने FY21 में 281.8 करोड़, FY22 में 246.9 करोड़ और FY23 में 294.5 करोड़ रुपए का कारोबार किया था.
टैग्स