होम / बिजनेस / किसी की सलाह से न हो जाए आपका पैसा स्वाहा, इसलिए सख्त हुआ SEBI; उठाया ये कड़ा कदम
किसी की सलाह से न हो जाए आपका पैसा स्वाहा, इसलिए सख्त हुआ SEBI; उठाया ये कड़ा कदम
शेयर बाजार में निवेश की सलाह देने वालों की आजकल भरमार हो गई है. कई बार ऐसी सलाह भी लोगों को मिल जाती है, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है,
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार में निवेश करने वालों को जोखिम से बचाने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने बड़ा कदम उठाया है. सेबी ने हाल ही में निवेश सलाहकारों (IA) और रिसर्च एनालिस्ट (RA) के लिए एक नया विज्ञापन कोड जारी किया है. यह कोड उन सभी प्रकार के संचारों पर लागू होगा, जो ऐसे सलाहकारों और एनालिस्ट द्वारा या उनकी ओर से जारी किए जाते हैं, जिनसे निवेश निर्णयों के प्रभावित होने की पूरी संभावना है. सलाहकारों के विज्ञापन कोड में पारंपरिक संचार चैनलों के साथ-साथ सभी इलेक्ट्रॉनिक, वायर्ड या वायरलेस कम्युनिकेशन जैसे कि ई-मेल, मैसेजिंग प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, रेडियो, टेलीफोन और इंटरनेट आदि शामिल हैं.
ऐसा कोई वादा न करें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेबी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि विज्ञापन में एक मानक चेतावनी भी शामिल होनी चाहिए, जिसमें कहा गया हो कि शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेश करने से पहले सभी संबंधित दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ लें. इसके अलावा, विज्ञापन निवेशकों को सुनिश्चित या जोखिम मुक्त रिटर्न का कोई वादा या गारंटी नहीं देगा. बता दें कि सेबी को ऐसी कई शिकायतें मिली थीं कि ऑनलाइन सलाह के नाम पर निवेशकों को जोखिम में डाला जा रहा है. इसी के मद्देनजर सेबी ने यह विज्ञापन कोड जारी किया है.
इन शब्दों पर बैन
Sebi ने कुछ शब्दों के इस्तेमाल पर बैन भी लगाया है. इसमें नंबर 1, सबसे अच्छे मार्केट लीडर्स जैसे कई शब्द शामिल हैं. सेबी के इन कोड का पालन करना अनिवार्य होगा. सेबी ने कहा कि विज्ञापनों में सेबी के साथ पंजीकृत आईए/आरए का नाम, पंजीकृत कार्यालय का पता, पंजीकरण संख्या और लोगो भी शामिल होना चाहिए. बाजार नियामक ने कहा कि जब भी विज्ञापन अंग्रेजी के अलावा किसी अन्य भाषा में जारी किया जा रहा हो, तो यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि मानक चेतावनी का विज्ञापन की भाषा में सटीक अनुवाद किया गया है. नए कोड के अनुसार, विज्ञापन में ऐसा कुछ भी नहीं होना चाहिए जो कानून के तहत प्रकाशन के लिए प्रतिबंधित हो.
टैग्स