होम / बिजनेस / इस राज्य में 1320 MW का प्रोजेक्ट लगाने के लिए लोन देगी REC लिमिटेड
इस राज्य में 1320 MW का प्रोजेक्ट लगाने के लिए लोन देगी REC लिमिटेड
REC लिमिटेड एक नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) है, जो पूरे भारत में पावर सेक्टर फाइनेंसिंग और डेवलपमेंट पर ध्यान केंद्रित करती है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
REC लिमिटेड ने दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत वह पश्चिम बंगाल के रघुनाथपुर में 1,320 मेगावाट की परियोजना (2x660 मेगावाट) स्थापित करने के लिए 4,527.68 करोड़ रुपए का लोन प्रदान करेगी. रघुनाथपुर फेज- II परियोजना - आरईसी और डीवीसी के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास है, जिससे पश्चिम बंगाल में बिजली उत्पादन क्षमता में महत्वपूर्ण योगदान दिया जाएगा. 1,320 मेगावाट की संयुक्त क्षमता के साथ, यह परियोजना क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी.
इनकी मौजूदगी में हुआ समझौता
REC और DVC परियोजना की दक्षता, नवाचार और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के उच्चतम मानकों का पालन करते हुए इसके सफल कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए समर्पित हैं. आरईसी और डीवीसी के बीच यह रणनीतिक साझेदारी सतत विकास को बढ़ावा देने और पावर सेक्टर को मजबूत करने के लिए उनकी सामूहिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है. दोनों कंपनियों के बीच समझौते पर दामोदर वैली के चेयरमैन राम नरेश सिंह, अरूप सरकार सदस्य (वित्त), डॉ. जॉन मथाई, सदस्य-सचिव, एम. रघु राम, सदस्य (तकनीकी); जॉयदीप मुखर्जी, ED (वित्त), सुमित कुमार दास, सीनियर जीएम (वित्त) और आरईसी लिमिटेड के सीपीएम पंकज वर्मा की उपस्थिति में हस्ताक्षर हुए.
क्या करती हैं दोनों कंपनियां?
REC लिमिटेड एक नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) है, जो पूरे भारत में पावर सेक्टर फाइनेंसिंग और डेवलपमेंट पर ध्यान केंद्रित करती है. यह राज्य बिजली बोर्डों, राज्य सरकारों, केंद्र/राज्य बिजली कंपनियों, स्वतंत्र बिजली उत्पादकों, ग्रामीण विद्युत सहकारी समितियों और निजी क्षेत्र की कंपनियों को वित्तीय सहायता प्रदान करती है. इसकी व्यावसायिक गतिविधियों में संपूर्ण पावर सेक्टर वैल्यू चैन में परियोजनाओं का वित्तपोषण शामिल है. आरईसी की फंडिंग से भारत में हर चौथा बल्ब रोशन होता है. वहीं, डीवीसी एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जो देश के पूर्वी क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए बिजली उत्पादन और ट्रांसमिशन में लगा हुआ है.
टैग्स