होम / बिजनेस / इस कंपनी की झोली में आ रहे बड़े-बड़े प्रोजेक्ट, क्या शेयरों पर दांव लगाना सही है?
इस कंपनी की झोली में आ रहे बड़े-बड़े प्रोजेक्ट, क्या शेयरों पर दांव लगाना सही है?
शेयर बाजार में रेल विकास निगम लिमिटेड काफी अच्छा परफॉर्म कर रही है. बीते कुछ दिनों में कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिली है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के शेयरों में गजब की तेजी नजर आ रही है. इसकी वजह है कंपनी का मजबूत प्रदर्शन. RVNL को लगातार बड़े-बड़े प्रोजेक्ट मिल रहे हैं, जिसके कारण कंपनी की पोजीशन स्ट्रांग हो रही है और उसके शेयर ऊपर की तरफ भाग रहे हैं. RVNL के हाथ हाल ही में कुछ बड़े प्रोजेक्ट आए हैं. उदाहरण के तौर पर RVNL को मालदीव में एक अंतर्राष्ट्रीय परियोजना में सफल बोलीदाता घोषित किया गया है. इस प्रोजेक्ट के तहत UTF (Uthuru Thila Falhu-Island) हार्बर का विकास किया जाएगा. यह भारत सरकार का एक स्ट्रैटेजिक प्रोजेक्ट है और इसकी अनुमानित परियोजना लागत 1544.60 करोड़ रुपए है.
ये 2 बड़े प्रोजेक्ट भी मिले
इससे पहले 4 नवंबर को RVNL ने पूर्व मध्य रेलवे के तहत धनबाद डिवीजन से जुड़ा के बड़ा प्रोजेक्ट मिला था. जबकि 20 अक्टूबर को, कंपनी की तरफ से बताया गया था कि उसे एएमसी क्षेत्र पैकेज 2 और 3 में खारीकट नहर के विकास के लिए एक ठेका मिला है, जिसकी कुल लागत 484 करोड़ रुपए है. लगातार मिल रहे बड़े प्रोजेक्ट से मार्केट में कंपनी की स्थिति मजबूत हो रही है. यही वजह है कि पिछले कुछ समय से कंपनी के शेयरों में तेजी बनी हुई है और आगे भी बनी रहने की उम्मीद है.
कौन हैं कंपनी के क्लाइंट?
RVNL का मुख्य क्लाइंट इंडियन रेलवे है. इसके अलावा, कंपनी के अन्य ग्राहकों में विभिन्न केंद्रीय और राज्य सरकारों के मंत्रालय, विभाग और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम शामिल हैं. आरवीएनएल ने प्रतिस्पर्धी बोली के माध्यम से मेट्रो, राजमार्ग और अन्य बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में भी भाग लेना शुरू कर दिया है. आरवीएनएल ने अपनी FY22 वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि कंपनी गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना लागत नियंत्रण और परियोजनाओं की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए उपाय कर रही है.
ऐसा रहा है स्टॉक का रिकॉर्ड
अब बात कंपनी के शेयरों की कर लेते हैं. मंगलवार को RVNL के शेयर 12.92% की बढ़त के साथ 61.60 रुपए पर बंद हुए. यह अपने 52 हफ्तों के हाई लेवल (61.75 रुपए) से कुछ ही पीछे हैं. पिछले पांच दिनों में इसने 22.22% की तेजी दर्ज की है. जबकि छह महीने में 97.12% और एक साल में यह शेयर 67.39% रिटर्न दे चुका है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि कंपनी की मजबूत स्थिति से उसके शेयरों में तेजी आगे भी बरकरार रह सकती है. यानी इसमें निवेश की संभावना भी भी बनी हुई है. हालांकि, BW हिंदी आपको सलाह देता है कि सोच-समझकर और पर्याप्त रिसर्च करके ही किसी भी शेयर में निवेश करें.
टैग्स