होम / बिजनेस / Sunny Deol की तरफ उम्मीद से देख रही मुश्किल में घिरी PVR Inox, जानें क्या है मामला
Sunny Deol की तरफ उम्मीद से देख रही मुश्किल में घिरी PVR Inox, जानें क्या है मामला
PVR Inox ने अपने तिमाही के नतीजे जारी किए हैं. कंपनी को इस बार काफी घाटा उठाना पड़ा है. इनकम से ज्यादा उसके खर्चे हो गए हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
सिनेमाघर चलाने वाली कंपनी PVR Inox इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है. बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर फिल्में नहीं मिलने की वजह से कंपनी को अच्छा-खासा घाटा हुआ है. चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजे कंपनी के लिए अच्छे नहीं रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही के दौरान PVR Inox को 81.6 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है. बता दें कि PVR और Inox पहले अलग-अलग कारोबार करती थीं. हाल ही में दोनों का विलय हुआ है.
कंपनी ने कही ये बात
विलय से पहले PVR लिमिटेड के नाम से प्रसिद्ध कंपनी ने जून 2022 तिमाही में 53.4 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था. वहीं, आईनॉक्स ने शेयर बाजार को बताया कि उसकी ऑपरेशनल इनकम 1,304.9 करोड़ रही, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 981.4 करोड़ रुपए थी. कंपनी ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि PVR आईनॉक्स के विलय की तिथि एक जनवरी, 2023 मानी गई है. इसलिए वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही और चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही का परिणाम विलय के आधार पर दिया गया. लिहाजा, इसकी तुलना वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही से नहीं की जानी चाहिए.
कमाई से ज्यादा खर्चे
PVR Inox की जून तिमाही में कुल आय 1,329.8 करोड़ और कुल व्यय 1,437.7 करोड़ रुपए रहा है. इस तरह कंपनी की इनकम से ज्यादा खर्चे हो गए हैं. कोरोना महामारी ने फिल्मों से जुड़े कारोबार को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया था. उस दौर में OTT प्लेटफॉर्म का लोगों को ऐसा चस्का लगा कि वो छूटने का नाम नहीं ले रहा है. लोग फिल्में देखने थियटर पहुंच जरूर रहे हैं, लेकिन वो पहली वाली बात नहीं है. ऐसे में PVR Inox को एक अदद ब्लॉकबस्टर फिल्म की आस है, ताकि कारोबार को वापस ट्रैक पर लाया जा सके. हालांकि, पिछली तिमाही में द केरल स्टोरी सहित कुछ हॉलीवुड फिल्मों ने अच्छा प्रदर्शन किया था. अब कंपनी को शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' और सनी देओल की गदर-2 से काफी उम्मीदें हैं.
ऐसा है शेयरों का हाल
वहीं, स्टॉक मार्केट में PVR INOX Ltd के प्रदर्शन की बात करें, तो कंपनी का शेयर सोमवार को एक फीसदी से कम की बढ़त के साथ 1,564 रुपए पर बंद हुआ था. पिछले पांच दिनों में इसमें 4.80% की तेजी आई है. जबकि 1 महीने में यह आंकड़ा 13.42% रहा है. इसका 52 वीक का हाई लेवल 1,594.45 रुपए है. कोरोना काल से पहले PVR और INOX दोनों के शेयर अच्छी तेजी के साथ आगे बढ़ रहे थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते सिनेमाघरों पर ताले लग गए और इन कंपनियों के शेयर भी धड़ाम हो गए.
टैग्स