होम / बिजनेस / इस पावर कंपनी में निवेश करने वालों के चेहरे पर आज खिल सकती है बड़ी मुस्कान!
इस पावर कंपनी में निवेश करने वालों के चेहरे पर आज खिल सकती है बड़ी मुस्कान!
पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन के बोर्ड की आज बैठक होने वाली है, जिसमें बोनस शेयर और डिविडेंड का ऐलान हो सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए डिविडेंड या बोनस शेयर का ऐलान चेहरे पर खुशी ले आता है. ऐसी ही खुशी आज पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन (Power Finance Corporation) में निवेश करने वालों को मिल सकती है. कंपनी के बोर्ड की आज यानी 11 अगस्त को बैठक होने वाली है, जिसमें शेयरधारकों को डिविडेंड एवं बोनस शेयर देने के प्रस्ताव पर फैसला होगा. इसके साथ ही कंपनी अपने जून तिमाही के नतीजे भी घोषित करेगी.
इसलिए मिलते हैं Bonus Share
पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन की तरफ से कहा गया है कि बोर्ड कंपनी के इक्विटी शेयरधारकों को उस रेशियो में बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार करेगा, जो रिजव के कैपिटलाइजेशन के आधार पर उचित है. इसके साथ ही बोर्ड की बैठक में डिविडेंड पर भी फैसला लिया जा सकता है. बता दें कि एक कंपनी स्टॉक की लिक्विडिटी बढ़ाने के साथ ही इन्वेस्टर्स के लिए इसे किफायती बनाने के उद्देश्य से बोनस शेयर जारी करती है. इसके अलावा, बोनस शेयर और डिविडेंड का मकसद निवेशकों का भरोसा जीतना भी होता है.
इस हिसाब से मिलते हैं शेयर
बोनस शेयर किसी कंपनी द्वारा अपने मौजूदा शेयरधारकों को जारी किए गए पूर्ण भुगतान वाले अतिरिक्त शेयर कहे जाते हैं. कहने का मतलब है कि जब कोई कंपनी बोनस शेयर जारी करती है, तो उसके स्टॉकहोल्डर्स को उन्हें प्राप्त करने के लिए कोई अतिरिक्त लागत नहीं उठानी पड़ती. किसी निवेशक को बोनस शेयर कितने मिलेंगे, ये उसके पास पहले से मौजूद कंपनी के शेयरों की संख्या पर निर्भर करता है. सभी शेयरधारक जिनके पास कंपनी द्वारा निर्धारित रिकॉर्ड तिथि से पहले के शेयर होते हैं, वप बोनस शेयर के पात्र होते हैं.
ऐसा है स्टॉक मार्केट में प्रदर्शन
स्टॉक मार्केट में पावर फाइनेंस के प्रदर्शन की बात करें, तो गुरुवार को कंपनी का शेयर करीब 2% की गिरावट के साथ 266.10 रुपए पर बंद हुआ था. हालांकि, बीते 5 दिनों में इसमें 2.11% और एक महीने में 17.17% की तेजी आई है. यदि एक साल के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो इसने अपने निवेशकों को 122.96% का रिटर्न दिया है. इस शेयर का 52 वीक का हाई लेवल 276.80 रुपए है.
टैग्स