होम / बिजनेस / PM मोदी ने Foxconn के चीफ को समझाया IT का दिलचस्प मतलब, आप जानते हैं?
PM मोदी ने Foxconn के चीफ को समझाया IT का दिलचस्प मतलब, आप जानते हैं?
फॉक्सकॉन को वेदांता समूह के साथ मिलकर भारत में पहला सेमीकंडक्टर प्लांट लगाना था, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn) और वेदांता समूह (Vedanta Group) को मिलकर भारत में देश का पहला सेमीकंडक्टर प्लांट लगाना था, लेकिन दोनों कंपनियों की राह अलग हो चुकी है. करार के करीब एक साल बाद दोनों अलग हो गए हैं. इस जॉइंट वेंचर के टूटने से न केवल भारत की उम्मीदों को झटका लगा है. बल्कि इंटरनेशनल मार्केट में भी इससे अच्छा संदेश नहीं गया है. हालांकि, Foxconn और वेदांता ने स्पष्ट किया है कि दोनों दूसरे पार्टनर्स के साथ सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने की दिशा में आगे बढ़ेंगी.
भारत का भरोसेमंद पार्टनर है ताइवान
गुजरात के गांधीनगर में आयोजित 'सेमीकॉन इंडिया 2023' सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में फॉक्सकॉन (Foxconn) और वेदांता (Vedanta) दोनों ने भारत में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने की प्रतिबद्धता दर्शाई. इस दौरान, फॉक्सकॉन ने कहा कि वह भारत में सेमीकंडक्टर के भविष्य को लेकर आशावादी है. कंपनी के चीफ यंग लियू (Young Liu) ने कहा कि ताइवान भारत का सबसे भरोसेमंद भागीदार है और हमेशा रहेगा. उन्होंने आगे कहा कि भारत में चिप के लिए एक परिवेश बनाना बहुत बड़ा काम है, लेकिन जहां चाह, वहां राह. उन्होंने PM मोदी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा - प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार मुझसे कहा था कि 'IT' का मतलब है भारत और ताइवान. मैं उनसे कहना चाहूंगा कि ताइवान आपका सबसे भरोसेमंद साझेदार है और रहेगा.
यंग लियू ने PM मोदी से की मुलाकात
इससे पहले, यंग लियू ने PM मोदी से मुलाकात भी की. यह मुलाकात फॉक्सकॉन द्वारा भारत के वेदांता समूह के साथ हुए 20 अरब डॉलर के जॉइंट वेंचर करार से बाहर निकलने के कुछ दिन बाद हुई है. इस बैठक में क्या बातचीत हुई ये तो अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि फॉक्सकॉन के चीफ ने सेमीकंडक्टर प्रोडक्शन यूनिट को लेकर कंपनी की आगे की रणनीति से PM को अवगत कराया है. ताइवान की ये कंपनी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह भारत में सेमीकंडक्टर उत्पाद इकाई लगाने के लिए अलग से आवेदन करने की योजना बना रही है. वहीं, 'सेमीकॉन इंडिया 2023' के इतर पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर प्लेयर Micron Technology के अध्यक्ष और सीईओ संजय मेहरोत्रा से भी मुलाकात की. बता दें कि माइक्रोन ने एक नई असेंबली लाइन और टेस्टिंग यूनिट की स्थापना के लिए गुजरात के सानंद को चुना है.
अनिल अग्रवाल बोले - हम भी तैयार
Foxconn की तरह वेदांता ने भी कहा कि वो सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने को लेकर प्रतिबद्ध है. वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा कि हम सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने जा रहे हैं और भारत में बनी चिप ढाई साल में उपलब्ध होगी. अग्रवाल ने कहा कि हमें जापान, कोरिया, अमेरिका में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. गुजरात के आसपास एक पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया जाएगा और हमने इसके लिए 100 MoU पर हस्ताक्षर भी किए हैं. गुजरात सेमीकंडक्टर का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा और भारत में सिलिकॉन वैली बनाने के लिए यह सबसे सही जगह है. गौरतलब है कि पिछले साल वेदांता ने फॉक्सकॉन के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर प्लांट लगाने का ऐलान किया था, लेकिन कई मुद्दों पर अनबन के चलते बात आगे नहीं बढ़ सकी.
टैग्स