होम / बिजनेस / हर शेयर पर 105 रुपए का Dividend, इस कंपनी के ऐलान से निवेशकों के खिले चेहरे
हर शेयर पर 105 रुपए का Dividend, इस कंपनी के ऐलान से निवेशकों के खिले चेहरे
प्रॉक्टर एंड गैंबल हेल्थ ने हाल ही में अपने तिमाही नतीजों का ऐलान किया था. अब कंपनी पात्र निवेशकों को डिविडेंड देने जा रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
शेयर बाजार (Stock Market) में निवेश करने वालों को डिविडेंड (Dividend) के ऐलान का इंतजार रहता है. कंपनियां अपने-अपने हिसाब से डिविडेंड की घोषणा करती रहती हैं. कुछ कंपनियां ऐसी भी होती हैं, जो डिविडेंड के रूप में अपने निवेशकों को प्रति शेयर बड़ी राशि प्रदान करती हैं. डिविडेंड देने के लिए कंपनियां बाध्य नहीं होतीं, बल्कि वो इन्वेस्टर्स को उनमें विश्वास जताने के लिए धन्यवाद के तौर पर ऐसा करती हैं. अब लार्ज-कैप FMCG कंपनी प्रॉक्टर एंड गैंबल हाइजीन एंड हेल्थ केयर लिमिटेड (Procter & Gamble Health Ltd) भी अपने निवेशकों को डिविडेंड देने जा रही है.
ऐलान के साथ शेयर में उछाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रॉक्टर एंड गैंबल हाइजीन एंड हेल्थ केयर लिमिटेड प्रति इक्विटी शेयर 105 रुपए के फाइनल डिविडेंड देने जा रही है. कंपनी ने 30 जून, 2023 को समाप्त वित्तीय तिमाही के लिए हाल ही में अपने परिणामों की घोषणा की है. साथ उसने यह भी कहा है कि पात्र निवेशकों को डिविडेंड दिया जाएगा. इस ऐलान के साथ ही कंपनी के शेयरों में तेजी दिखाई दे रही है. आज यानी बुधवार को Procter & Gamble Health के शेयर करीब 1% की उछाल के साथ 4,806.40 रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं.
PAT 18 प्रतिशत बढ़ा
प्रॉक्टर एंड गैंबल हेल्थ ने तिमाही के दौरान 852 करोड़ रुपए की बिक्री हासिल की है. यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 10% अधिक है. 30 जून, 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए, कंपनी ने 678 करोड़ रुपए का टैक्स के बाद का लाभ यानी PAT दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18% ज्यादा है. कंपनी के स्टॉक की बात करें, तो पिछले 5 कारोबारी सत्रों में इसमें 5.94% की गिरावट आई है. हालांकि, बीते 1 साल में यह 14.10% का रिटर्न दे चुका है. डिविडेंड के ऐलान के बाद अब कंपनी के शेयरों में फिर से तेजी का रुख है.
क्या होता है डिविडेंड?
डिविडेंड की बात निकली है, तो चलिए इसे विस्तार से समझ लेते हैं. जब कोई कंपनी साल भर में कमाए गए अपने मुनाफे का कुछ हिस्सा शेयरहोल्डर्स में बांटती है तो उसे डिविडेंड कहते हैं. हालांकि कई बार ऐसे भी होता है कि कंपनियां मुनाफे की बजाय सरप्लस कैश से भी शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड बांटती हैं. कंपनियों के लिए डिविडेंड देना जरूरी नहीं होता है, क्योंकि इससे कंपनियों को कुछ हासिल नहीं होता, सिवाय शेयरहोल्डर्स की खुशी और भरोसे के. इसलिए कंपनी चाहे तो वो अपने मुनाफे में से एक भी पैसा शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड के रूप में न दे. अक्सर देखा गया है कि छोटी-छोटी कंपनियां या जिन्होंने अभी-अभी अपना काम शुरू किया है, वो कंपनियां डिविडेंड नहीं देतीं. क्योंकि वो अपने मुनाफे को शेयरहोल्डर्स को देने की बजाए वापस बिजनेस के विस्तार और ग्रोथ में लगा देती हैं. जो कंपनियां डिविडेंड देती हैं वो आमतौर पर पूरी तरह से स्थापित और बड़ी कंपनियां होती हैं, लेकिन हर बड़ी कंपनी डिविडेंड दे ये भी जरूरी नहीं.
टैग्स