होम / बिजनेस / अचानक IDBI बैंक के शेयरों में क्यों बढ़ गई इन्वेस्टर्स की दिलचस्पी?
अचानक IDBI बैंक के शेयरों में क्यों बढ़ गई इन्वेस्टर्स की दिलचस्पी?
सरकार और LIC पिछले काफी समय से IDBI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रहे हैं. अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एसेट वैल्यूअर की नियुक्ति के लिए बोलियां मंगाई गई हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
शेयर बाजार में RVNL यानी रेल विकास निगम लिमिटेड की तरह आईडीबीआई बैंक (IDBI Bank) की भी चर्चा है. इस बैंक का शेयर फुल स्पीड से दौड़ रहा है. पिछले 5 कारोबारी सत्रों में इसने 15.86% का रिटर्न दिया है. आज भी खबर लिखे जाने तक यह 6.93% चढ़कर 69.40 रुपए पर पहुंच गया था. अब सवाल ये है कि आखिर एकदम से IDBI बैंक के स्टॉक में निवेशकों की दिलचस्पी कैसे बढ़ गई?
सरकार ने बुलाईं बोलियां
IDBI बैंक के शेयरों में तेजी की वजह एक खबर है. दरअसल, मोदी सरकार ने बैंक के डिसइन्वेस्टमेंट के लिए एसेट वैल्यूअर को नियुक्त करने के बोलियां आमंत्रित की हैं. इस खबर के आम होते ही स्टॉक खरीदने की होड़ लग गई है. आज यानी मंगलवार को एक समय बैंक के शेयर 71.25 रुपए के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गए थे. यह 2018 के बाद IDBI बैंक के शेयर का सबसे उच्चतम स्तर है. इस बैंक में सरकार के साथ-साथ भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की भी हिस्सेदारी है. पिछले साल 30 जून तक केंद्र के पास इसकी 45.48 प्रतिशत और एलआईसी के पास 49.24 प्रतिशत हिस्सेदारी थी.
वैल्यूएशन की होगी जिम्मेदारी
सरकार और LIC पिछले काफी समय से IDBI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रहे हैं. अब इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एसेट वैल्यूअर की नियुक्ति के लिए बोलियां मंगाई गई हैं. एसेट वैल्यूअर पर आईडीबीआई बैंक के वैल्यूएशन की पूरी जिम्मेदारी होगी. वैल्यूअर बैंक की एसेट्स का मूल्यांकन करके जानकारी उपलब्ध करवाएगा. बोली लगाने की आखिरी 9 अक्टूबर-2023 तय की गई है. गौरतलब है कि मोदी सरकार डिसइन्वेस्टमेंट यानी विनिवेश को बढ़ावा दे रही है. इसके तहत सरकार की योजना सरकारी कंपनियों को निजी हाथों में सौंपने की है. हालांकि, चुनावी मौसम में सरकार ने इस दिशा में आगे बढ़ने की रफ्तार धीमी कर ली है.
दिया है अच्छा खासा रिटर्न
IDBI बैंक के शेयरों में निवेश करने वालों को अब तक अच्छा-खासा रिटर्न मिला है. बीते छह महीनों में यह शेयर 41.06% ऊपर चढ़ा है जबकि एक साल का आंकड़ा 60.28% है. डिसइन्वेस्टमेंट को लेकर सरकार की तरफ से एसेट वैल्यूअर को नियुक्त के कदम से बैंक के शेयरों में तेजी और बढ़ गई है. ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि इस प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ IDBI बैंक के शेयर कहां जाते हैं.
टैग्स