होम / बिजनेस / NTPC के कोयला उत्पादन में आया उछाल, पहली छमाही में इतने % वृद्धि
NTPC के कोयला उत्पादन में आया उछाल, पहली छमाही में इतने % वृद्धि
NTPC की तरफ से बताया गया है कि पिछले वित्तवर्ष की पहली छमाही के मुकाबले इस साल उसके कोयला उत्पादन में वृद्धि हुई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी NTPC के कोयला उत्पादन में चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में सालाना आधार पर 83 प्रतिशत वृद्धि हुई है. कंपनी की तरफ से बताया गया है कि एनटीपीसी लिमिटेड ने पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही के दौरान अपनी कैप्टिव खदानों से कोयला उत्पादन में 83 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है.
Coal Despatch भी बढ़ा
कंपनी ने चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 की पहली छमाही में 160.5 लाख मीट्रिक टन (MMT) का प्रभावशाली कोयला उत्पादन हासिल किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की 2022-23 की समान अवधि यानी अप्रैल-सितंबर में यह 87.6 लाख मीट्रिक टन था. इसके अलावा, NTPC ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही में 172 लाख मीट्रिक टन का कोयला डिस्पैच (Coal Despatch) भी हासिल किया. इसमें पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 94 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है.
इन 4 खदानों से हुआ उत्पादन
कंपनी का कहना है कि यह उत्कृष्ट प्रदर्शन एनटीपीसी की अपनी कैप्टिव खदानों से कोयला उत्पादन बढ़ाने और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कुशल आपूर्ति सुनिश्चित करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है. अब तक, एनटीपीसी ने अपनी चार परिचालन कैप्टिव कोयला खदानों यानी झारखंड में पकरी बरवाडीह और चाट-बरियातू कोयला खदान, ओडिशा में दुलंगा कोयला खदान और छत्तीसगढ़ में तलाईपल्ली कोयला खदान से लगभग 85+ मिलियन मीट्रिक टन (MMT) कोयले का उत्पादन किया है. इसके अलावा, चालू वित्त वर्ष में केरेन्डारी खदान से भी कोयला उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है.
नई टेक्नोलॉजी अपनाई
कोयला उत्पादन में निरंतर वृद्धि के लिए, NTPC ने कई रणनीतियों और प्रौद्योगिकियों को लागू किया है. इनमें कठोर सुरक्षा उपायों को अपनाना, बेहतर खदान योजना, उपकरण स्वचालन, कार्यबल प्रशिक्षण, निरंतर निगरानी और विश्लेषण प्रणालियों का कार्यान्वयन शामिल है. कंपनी का कहना है कि एनटीपीसी राष्ट्र को विश्वसनीय और टिकाऊ बिजली प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. कोयला उत्पादन और डिस्पैच में यह उल्लेखनीय वृद्धि परिचालन उत्कृष्टता के प्रति एनटीपीसी के समर्पण और भारत की ऊर्जा मांगों को पूरा करने में उसके योगदान का प्रमाण है. कंपनी अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने और देश के ऊर्जा लक्ष्यों का समर्थन करने के लिए नवीन प्रौद्योगिकियों का पता लगाना जारी रखेगी.
टैग्स