होम / बिजनेस / इस दिग्गज फैशन कंपनी तक पहुंची छंटनी की आंच, बड़े पैमाने पर बेरोजगार होंगे कर्मचारी
इस दिग्गज फैशन कंपनी तक पहुंची छंटनी की आंच, बड़े पैमाने पर बेरोजगार होंगे कर्मचारी
छंटनी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब स्वीडन की एक दिग्गज कंपनी ने नौकरियों में कटौती का ऐलान किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
छंटनी की आंच अब स्वीडन की दिग्गज फैशन कंपनी H&M तक पहुंच गई है. कंपनी ने दुनियाभर में अपने 1,500 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला लिया है. इस फैसले से कंपनी को सालाना 2 अरब स्वीडिश क्राउंस (लगभग 1,570 करोड़ रुपए) की बचत होगी. H&M दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी फैशन रिटेलर है. उसका कारोबार कई देशों में फैला हुआ है.
कंपनी ने बताई वजह
H&M ने छंटनी का फैसला रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते लागत में आई बढ़ोत्तरी की वजह से लिया है. बता दें कि इस युद्ध के कारण कई बड़ी कंपनियों का कामकाज प्रभावित हुआ है और उनके मुनाफे में भी कमी आई है. महीनों से चल रहे इस युद्ध के फिलहाल खत्म होने की कोई संभावना नहीं है. ये केवल दो देशों की ही लड़ाई नहीं है, इससे रूस और यूक्रेन का समर्थन करने वाले देशों के साथ-साथ बाकी देश भी किसी न किसी तरह से प्रभावित हुई हैं. H&M का मानना है कि कर्मचारियों को नौकरी से निकालकर वह सालाना 1,570 करोड़ रुपए बचा पाएगी.
दुनियाभर में इतने कर्मचारी
H&M के फिलहाल दुनियाभर में करीब 1,55,000 कर्मचारी हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में कंपनी की CEO हेलीना हेल्मर्सन के हवाले से बताया गया है कि H&M लागत घटाने और अपनी दक्षता को सुधारने के लिए कुछ कदम उठा रही है. इसके तहत ऑर्गनाइजेशन का रिव्यू किया जा रहा है और इससे कुछ कर्मचारी प्रभावित होंगे. H&M से पहले कई बड़ी कंपनियां छंटनी कर चुकी हैं. इसमें ट्विटर, फेसबुक और अमेजन का नाम भी शामिल है.
DoorDash से भी आई बुरी खबर
H&M के अलावा अमेरिकी फूड डिलीवरी फर्म DoorDash से भी छंटनी की खबर सामने आई है. यह कंपनी 1250 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने जा रही है. DoorDash का कहना है कि लागत में कटौती करने के लिए उसे यह कदम उठाना पड़ रहा है. विभिन्न कारणों से कंपनी की लागत में इजाफा हुआ है, जिसे कम करने के लिए वह अपनी वर्कफ़ोर्स में कटौती करने जा रही है.
टैग्स