होम / बिजनेस / Nirmala Sitharaman को उम्मीद, 7% की रफ्तार से दौड़ेगी अर्थव्यवस्था
Nirmala Sitharaman को उम्मीद, 7% की रफ्तार से दौड़ेगी अर्थव्यवस्था
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के हेडक्वार्टर में कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 2022-23 में 7% की दर से वृद्धि कर सकती है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) का कहना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ रही है और वित्त वर्ष 2022-23 में 7% की दर से वृद्धि कर सकती है. वित्त मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) हेडक्वार्टर में इंटरनेशनल मॉनेटरी और फाइनेंशियल कमेटी की बैठक में शामिल होने के दौरान यह बात कही. इस बैठक में ग्लोबल पॉलिसी एजेंडा पर चर्चा हुई.
IMF और वर्ल्ड बैंक कर चुके हैं तारीफ
वित्त मंत्री की ओर से ये बयान ऐसे समय पर आया है, जब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक (World Bank) भारत को दुनिया की सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था मान चुके हैं. IMF की तरफ से हाल ही में कहा गया था कि भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है और सबसे तेजी से बढ़ती एशियाई अर्थव्यवस्था बनी हुई है. इसके साथ ही यह दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है.
इन मुद्दों पर भी दिया जोर
बैठक के दौरान, सीतारमण ने डिजिटलाइजेशन, विशेष रूप से डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने सबसे गरीब और सबसे कमजोर आबादी को असमान रूप से प्रभावित करने वाली वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए स्टेकहोल्डर एंगेजमेंट की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने G20 सदस्यों से बहुपक्षीय प्रयासों का समर्थन जारी रखने का भी आग्रह किया और वैश्विक विखंडन की चुनौती से निपटने के लिए बातचीत में सकारात्मक जुड़ाव की आवश्यकता पर भी बल दिया.
किसका, कितना अनुमान
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने वित्तवर्ष 2023-24 के लिए भारत के GDP अनुमान को घटा दिया है. IMF ने इसे 6.1 प्रतिशत से घटाकर 5.9 प्रतिशत कर दिया है. हालांकि, उसने यह भी कहा है कि आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान में कमी के बावजूद भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा. IMF ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है और दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनी हुई है. वहीं, वर्ल्ड बैंक की ओर से भारत की अर्थव्यवस्था के 2022-23 में 6.9 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान जताया गया है.
टैग्स