होम / बिजनेस / पिता-बेटी की जोड़ी ने किए ऐसे ऐलान, कई कंपनियों के माथे पर आ गई शिकन!
पिता-बेटी की जोड़ी ने किए ऐसे ऐलान, कई कंपनियों के माथे पर आ गई शिकन!
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 46वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में मुकेश अंबानी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) और उनकी बेटी ईशा अंबानी (Isha Ambani) ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की 46वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में जो ऐलान किए हैं, उससे कई कंपनियों के माथे पर शिकन आ गई है. इस AGM में कई घोषणाएं की गईं, मसलन जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (JFSL) की भविष्य की रणनीति की घोषणा की गई. रिलायंस रिटेल का फ्यूचर प्लान भी स्टेकहोल्डर्स के साथ साझा किया गया. मुकेश अंबानी ने जहां कहा कि उनकी कंपनी JFSL बीमा सेक्टर में उतरेगी. वहीं, ईशा ने कैंपा कोला को ग्लोबल मार्केट में ले जाने की बात कही.
इनकी बढ़ गई हैं धड़कनें
रिलायंस अपनी आक्रामक रणनीति के लिए पहचानी जाती है. अब तक रिलायंस ने जिस सेक्टर में भी हाथ डाला है, वहां अपनी बादशाहत साबित करके रही है. ऐसे में मुकेश अंबानी का ये कहना कि उनकी कंपनी बीमा सेक्टर में प्रवेश करने जा रही है, LIC सहित तमाम बीमा कंपनियों के लिए परेशानी की वजह बन सकता है. AGM में अंबानी ने बताया कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के जरिए लाइफ इंश्योरेंस, जनरल इंश्योरेंस और हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़े प्रोडक्ट बेचे जाएंगे. एक्सपर्ट मानते हैं कि रिलायंस के पास मजबूत डेटा बेस है, जो बीमा सेक्टर में उसके बहुत काम आने वाले हैं. लिहाजा, मार्केट लीडर भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC, HDFC लाइफ, ICICI प्रूडेंशियल जैसी कंपनियों को अब कड़ी चुनौती मिलने वाली है.
रिलायंस के पास है एडवांटेज
मुकेश अंबानी ने AGM में कहा कि JFSL डेटा एनालिटिक्स इस्तेमाल करके ग्राहकों के लिए ऐसे उत्पाद तैयार करेगी, जो उनके लिए सही होगा. इसके अलावा, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड ग्लोबल प्लेयर्स के साथ मिलकर सीमलेस डिजिटल इंटरफेस की मदद से इंश्योरेंस प्रोडक्ट बाजार में पेश करेगी. इस सेक्टर पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स के अनुसार, रिलायंस के इस कदम से बाजार में पहले से मौजूद बीमा कंपनियों की टेंशन बढ़ना लाजमी है. इसकी कई वजह हैं, जैसे कि रिलायंस का कारोबार काफी बड़ा है, उसके पास व्यापक कस्टमर बेस है, जो बीमा क्षेत्र में उसके लिए काफी मददगार साबित हो सकता है.
पेप्सी और कोक को टक्कर
वहीं, ईशा अंबानी ने पेप्सी और कोक जैसी वैश्विक कंपनियों की टेंशन बढ़ा दी है. ईशा ने AGM में ऐलान किया कि कैंपा कोला को ग्लोबल मार्केट में उतारा जाएगा और इसकी शुरुआत एशिया-अफ्रीका से होगी. रिलायंस रिटेल की निदेशक ईशा अंबानी ने कहा कि हमने कैम्पा कोला को भारतीय स्वाद के साथ पेश किया है. हम एक तरफ जहां भारतीय बाजार में इसका उत्पादन बढ़ा रहे हैं, वहीं इसे वैश्विक बाजार में भी ले जाने पर काम कर रहे हैं. इसकी शुरुआत एशिया और अफ्रीका के साथ होगी. बता दें कि पिछले साल ही रिलायंस ने कैंपा कोला का अधिग्रहण किया था. रिलायंस ने 22 करोड़ रुपए में प्योर ड्रिंक्स ग्रुप से कैंपा कोला को खरीदा था. फिलहाल इस सेक्टर में कोका-कोला और पेप्सिको जैसी वैश्विक कंपनियों का दबदबा है, लेकिन आने वाले दिनों में उनकी परेशानी बढ़ सकती है.
टैग्स