होम / बिजनेस / ऐसा क्या हुआ कि इस सरकारी कंपनी के शेयरों में अचानक आ गई सुनामी?
ऐसा क्या हुआ कि इस सरकारी कंपनी के शेयरों में अचानक आ गई सुनामी?
शेयर बाजार में बुधवार को हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड का प्रदर्शन काफी खराब रहा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (Hudco) के शेयरों में आज सुनामी दिखाई दी. कंपनी के शेयर करीब 11 प्रतिशत टूटकर 80.10 रुपए पर बंद हुए. हुडको के शेयरों में इस भारी गिरावट की एक बड़ी वजह है. दरअसल, सरकार Hudco में अपनी 7% हिस्सेदारी बेच रही है. ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए ऐसा किया जाएगा और इससे सरकार के खजाने में एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा आएंगे. इस खबर के आम होते ही हुडको के शेयरों को बेचने की होड़ लग गई. बुधवार को कारोबारी सत्र की समाप्ति पर कंपनी के शेयर 10.95% नीचे गिरकर बंद हुए.
कितनी है सरकार की हिस्सेदारी?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के लिए ऑफर फॉर सेल गैर-खुदरा निवेशकों के लिए बुधवार से शुरू हो गया है. जबकि खुदरा निवेशक गुरुवार को बोली लगा सकते हैं. OFS के जरिए सरकार अपनी 7 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच देगी. इससे सरकार को 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा मिल सकते हैं. इस ऑफर फॉर सेल के लिए फ्लोर प्राइज 79 रुपए प्रति शेयर रखा गया है. इसके जरिए 14 करोड़ शेयर बेचे जाएंगे. बता दें कि हुडको में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 81.8% है, जिसमें से वो 7 फीसदी बेच रही है. इसके बाद कंपनी में सरकार के हिस्सेदारी घटकर 74.8 प्रतिशत पर आ जाएगी.
विनिवेश रणनीति का हिस्सा
Hudco में हिस्सेदारी बेचने की योजना सरकार की विनिवेश रणनीति का ही हिस्सा है. सरकार बाजार नियामक SEBI के नियमों के अनुसार, शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी कम करना चाहती है. चालू वित्त वर्ष में मोदी सरकार ने विनिवेश से 51000 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है. हालांकि, 17 अक्टूबर तक सरकार 6950 करोड़ ही जुटा पाई है. दरअसल, चुनावी मौसम में सरकार किसी किस्म का जोखिम मोल लेना नहीं चाहती. सरकारी कंपनियों को निजी हाथों में सौंपने का विरोध हो रहा है. ऐसे में यदि भाजपा सरकार अभी इस दिशा में आगे बढ़ती है, तो उसे चुनावों में नुकसान भी हो सकता है.
टैग्स