होम / बिजनेस / Lupin ने Menarini के साथ की बड़ी डील, इन 5 Drug Brands को बनाया अपना
Lupin ने Menarini के साथ की बड़ी डील, इन 5 Drug Brands को बनाया अपना
फार्मा सेक्टर की दो दिग्गज कंपनियों ने एक डील साइन की है. इस डील के तहत Lupin के खाते में 5 ड्रग ब्रैंड आ जाएंगे.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी ल्यूपिन (Lupin) ने इटली की फार्मास्युटिकल कंपनी मेनारिनी (Menarini) के 5 ड्रग ब्रैंड खरीदने के लिए एग्रीमेंट किया है. 101 करोड़ रुपए में होने वाली इस डील के बाद ल्यूपिन के खाते में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी और एंटी-इन्फेक्टिव सेगमेंट पर केंद्रित 5 ब्रैंड आ जाएंगे. बता दें कि ल्यूपिन 2021 से मेनारिनी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ डिस्ट्रीब्यूशन एडं प्रमोशन एग्रीमेंट के तहत भारतीय बाजार में इन पांचों ब्रैंड्स की मार्केटिंग करती आई है.
इन पर लगाया है दांव
ल्यूपिन की तरफ से बताया गया है कि जिन 5 Drug Brands को खरीदने के लिए उसने मेनारिनी के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, उसमें पिक्लिन (पिकोसल्फेट सोडियम), मेनोक्टिल (ओटिलोनियम ब्रोमाइड), सुक्रामल ओ (सुक्रालफेट + ऑक्सेटाकाइन), पाइरिडियम (फेनाजोपाइरीडीन), और डिस्टाक्लोर (सीफैक्लोर) शामिल हैं. ल्यूपिन के प्रबंध निदेशक नीलेश गुप्ता ने डील के बारे में बताते हुए कहा कि यह अधिग्रहण भारतीय बाजार में हमारी उपस्थिति को व्यापक बनाने के हमारे रणनीतिक लक्ष्य के साथ अच्छी तरह से मेल खाता है. उत्पादों की एक व्यापक श्रृंखला की पेशकश करके, हमारा उद्देश्य है अपने हितधारकों और जिन समुदायों की हम सेवा करते हैं, उन्हें और भी अधिक मूल्य प्रदान करना.
इतना है मेनारिनी का टर्नओवर
वहीं, मेनारिनी इंडिया के प्रबंध निदेशक गिरीसन करियांगल ने कहा कि ल्यूपिन 2021 से मेनारिनी के लिए स्कोप ब्रैंड्स की सफलतापूर्वक मार्केटिंग करती आ रही है, जो हमारे विकसित सहयोग का प्रमाण है. मुझे खुशी है कि ल्यूपिन अब पूर्ण ट्रेडमार्क स्वामित्व के साथ अपनी विरासत को आगे बढ़ाएगी. बता दें कि मेनारिनी ग्रुप एक लीडिंग इंटरनेशनल फार्मास्युटिकल और डायग्नोस्टिक्स कंपनी है, जिसका टर्नओवर 4.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है और इसके 17000 से ज्यादा कर्मचारी हैं. मेनारिनी इंडिया, मेनारिनी ग्रुप की 100 प्रतिशत सहायक कंपनी है.
टैग्स