होम / बिजनेस / INDIA-UK व्यापार समझौते में आएगी तेजी, जानिए पीएम मोदी ने सुनक को फोन कर क्या कहा?
INDIA-UK व्यापार समझौते में आएगी तेजी, जानिए पीएम मोदी ने सुनक को फोन कर क्या कहा?
भारत और ब्रिटेन के बीच होने जा रही इस ट्रेड डील की अगले चरण की बातचीत 23 और 24 अप्रैल को होने जा रही है. इस बातचीत की शुरुआत 2021 में हुई थी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
भारत सरकार कई देशों के साथ FTA करने को लेकर काम कर रही है, उसी में एक देश है ब्रिटेन. इस देश के साथ FTA करने को लेकर एक बड़ा डेवलपमेंट हुआ है. इस देश के साथ होने वाले FTA को लेकर पीएम मोदी ने ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक के साथ फोन कर बकाया मुद्दों में तेजी लाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि इस व्यापार समझौते के होने से दोनों देशों के व्यापारियों और उपभोक्ताओं को बड़ा फायदा होगा. दोनों नेताओं ने एक दूसरे को भारत में मनाई जा रही बैसाखी को लेकर बधाई दी और जापान में होने जा रही जी-7 की बैठक और इस साल के अंत में भारत में होने जा रही जी-20 की बैठक में एक दूसरे से मिलने को लेकर उत्सुकता जाहिर की है.
ब्रिटेन ने इस पर क्या कहा?
पीएम मोदी के इस फोन कॉल के बाद ब्रिटेन की ओर से भी इस पर प्रतिक्रिया सामने आई है. ब्रिटेन के एक प्रवक्ता ने इस बातचीत के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने उन बड़े अवसरों के बारे में बात की है जो इस डील के बाद ब्रिटेन और भारत के व्यापारियों और उपभोक्ताओं को मिलने जा रहे हैं. वहीं यूके के ट्रेड डिपार्टमेंट के प्रवक्ता का भी इस पर बयान आया है. उन्होंने इस फोन कॉल के बाद बड़ी सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोनों देश एक दूसरे के साथ एक बेहतरीन व्यापार समझौता करने को लेकर काम कर रहे हैं. भारत ब्रिटेन के बीच इस व्यापार समझौते को लेकर पिछले महीने ही बातचीत हुई है. भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार वर्ष 2022 में 10 बिलियन डॉलर बढ़कर 34 बिलियन डॉलर तक जा पहुंचा है.
क्यों महत्वपूर्ण है ये पीएम का ये फोन कॉल
दरअसल इस पूरे मामले में पीएम मोदी का ये फोन कॉल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि खालिस्तानी घटनाक्रम के बाद ये माना जा रहा था कि भारत और ब्रिटेन के बीच इस व्यापार समझौते को लेकर बातचीत होल्ड हो चुकी है. खालिस्तानियों द्वारा जिस तरह से भारतीय दूतावास पर हमला किया गया उसके बाद सुरक्षा न देने के आरोप में भारत सरकार ने भी ब्रिटेन के दूतावास के बाहर सुरक्षा को हटा दिया था उसके बाद इस तरह की खबरें तेजी से आई थी.
अब तक कितने दौर की हो चुकी हो बातचीत
भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत 13 जनवरी 2021 से शुरु हुई थी. दोनों देशों के होने जा रहे इस समझौते में 26 पॉलिसी एरिया को कवर किया जा रहा है. ब्रिटेन के साथ इस व्यापार समझौते के साथ-साथ सरकार एक निवेश समझौता भी कर रही है, ये व्यापार समझौते से अलग है. मार्च 2023 तक दोनों देशों के बीच होने वाले इस समझौते में 8 राउंड की बातचीत हो चुकी है. इस पूरी डील के 13 चैपटर को क्लोज किया जा चुका है. 1 मार्च 2023 को इस मामले में दोनों देशों के व्यापार मंत्रियों के बीच में बातचीत भी हुई थी.
टैग्स