होम / बिजनेस / क्या अब वाकई देश में होने वाली है Condom की किल्लत? सरकार ने दिया ये जवाब
क्या अब वाकई देश में होने वाली है Condom की किल्लत? सरकार ने दिया ये जवाब
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐसी रिपोर्ट्स को लेकर बयान जारी किया है जिनमें दावा किया गया है कि देश में कंडोम की किल्लत होने वाली है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
चावल-दाल या चीनी की किल्लत के बारे में अक्सर खबरें आती रहती हैं. अब खबर है कि देश में कंडोम (Condom) की किल्लत होने वाली है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भारत का परिवार नियोजन कार्यक्रम बुरी तरह से प्रभावित हो सकता है, क्योंकि केंद्रीय खरीद एजेंसी सेंट्रल मेडिकल सर्विसेज सोसाइटी (CMSS) समय पर गर्भ निरोधकों की आपूर्ति करने में विफल रही है. जिसका मतलब है कि सरकार के पास पर्याप्त मात्रा में कंडोम उपलब्ध नहीं हैं. रिपोर्ट्स में आगे कहा गया कि अखिल भारतीय कंडोम निर्माता संघ, जिसमें कंडोम ब्रैंड 'निरोध' की निर्माता कंपनी भी शामिल है, ने सरकार को पत्र लिखकर इस बात की जानकारी दी थी कि CMSS कंडोम की खरीद में विफल रही है.
मंत्रालय ने कहा, पर्याप्त है स्टॉक
कंडोम की किल्लत से जुड़ी इन खबरों पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का जवाब भी आ गया है. मंत्रालय ने इस तरह की रिपोर्टों को गलत और भ्रामक करार दिया है. मंत्रालय का कहना है कि राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम की जरूरतों को पूरा करने के लिए गर्भ निरोधकों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. बता दें कि CMSS राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम सहित मंत्रालय के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए दवाएं और चिकित्सा सामान खरीदती है. साथ ही और उसकी टेंडर प्रक्रिया और आपूर्ति स्थिति की बारीकी से नजर भी रखती है.
ये भी पढ़ें - बुजुर्गों के साथ-साथ Youth को भी जकड़ रहा कमर दर्द, जानें कैसे पाएं इससे छुटकारा
पहले ही जारी हो गया था टेंडर
मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि CMSS ने मई, 2023 में परिवार नियोजन कार्यक्रम के लिए 5.88 करोड़ Condom खरीदे हैं. सरकार के पास वर्तमान में जितने कंडोम हैं, वो परिवार नियोजन कार्यक्रम की जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि खरीदारी में देरी से कंडोम की कमी का कोई मामला सामने नहीं आया है. CMSS ने मौजूदा वित्त वर्ष में कंडोम खरीदने के लिए पहले से ही टेंडर जारी कर दिए हैं और इसका काम आखिरी चरण में है. केंद्रीय मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
टैग्स