होम / बिजनेस / कारोबारी दुनिया में अब हो रही है मानसी किर्लोस्कर की चर्चा, जानें उनके बारे में सबकुछ
कारोबारी दुनिया में अब हो रही है मानसी किर्लोस्कर की चर्चा, जानें उनके बारे में सबकुछ
मानसी किर्लोस्कर के पिता विक्रम किर्लोस्कर का निधन हो गया है. ऐसे में उन्हें ही किर्लोस्कर परिवार की उत्तराधिकारी माना जा रहा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
चंद रोज पहले तक बिसलेरी के मालिक चेयरमैन रमेश चौहान की बेटी जयंती चर्चा में थीं. अब विक्रम किर्लोस्कर की बेटी मानसी खबरों में हैं. वजह एक ही है - कारोबार. जयंती चौहान ने जहां अपने पिता के 7 हजार करोड़ रुपए के कारोबार को संभालने से इनकार किया है. वहीं, मानसी किर्लोस्कर पर अपने पिता के 500 करोड़ रुपए के कारोबार को संभालने की जिम्मेदारी आ गई है. मानसी विक्रम किर्लोस्कर की इकलौती संतान हैं, ऐसे में अपने पिता के निधन के बाद उन्हें ही किर्लोस्कर परिवार की उत्तराधिकारी माना जा रहा है.
Tata परिवार का हिस्सा
मानसी अपने पेरेंट्स विक्रम और गीतांजलि किर्लोस्कर के काफी करीब रही हैं. 32 साल की मानसी पहले से ही कारोबार में अपने पिता का हाथ बंटाती आई हैं. वह किर्लोस्कर सिस्टम लिमिटेड की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और CEO हैं. उनकी शादी 2019 में नोएल टाटा के बेटे नेविल टाटा से हुई. इस लिहाज से वह Tata परिवार का हिस्सा हैं. बता दें कि नोएल टाटा रतन टाटा के सौतेल भाई हैं. मानसी किर्लोस्कर के पति नेविल रिटेल चेन Trent Limited से जुड़े हुए हैं.
बिजनेस के लिए नई नहीं
अपने पिता के बिजनेस को संभालना मानसी के लिए चुनौतीपूर्ण ज़रूर होगा, लेकिन वह बिजनेस के प्रेशर को झेलना बखूबी जानती हैं. 2018 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र की ओर से उभरती हुई बिजनेस लीडर के तौर पर चुना गया गया था. विक्रम किर्लोस्कर भी मानते थे कि मानसी किर्लोस्कर समूह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा सकती हैं, इसलिए उन्हें किर्लोस्कर सिस्टम लिमिटेड की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और CEO नियुक्त किया गया था.
पेंटिंग-गोताखोरी का शौक
मानसी ने अमेरिका से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है. उन्हें पेंटिंग और गोताखोरी का शौक है. वह मानती हैं कि गोताखोरी और कॉर्पोरेट जीवन एक दूसरे में अर्थ ढूंढते हैं. कमजोर दिल वालों के लिए न तो डाइविंग और न ही बिजनेस. दोनों में अंतर केवल इतना है कि गोता लगाते समय आप अपने लिए जिम्मेदार होते हैं, लेकिन कंपनी चलाते समय आप दूसरों के लिए जिम्मेदार होते हैं. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने टोयोटा किर्लोस्कर मोटर में 3 साल की ट्रेनिंग ली थी.
कई प्रोजेक्ट पर किया काम
ट्रेनिंग पूरी करने के बाद मानसी पिता के कारोबार में हाथ बंटाने लगीं. उन्होंने न केवल टोयोटा के साथ मिलकर टोयोटा मटीरियल हैंडलिंग प्राइवेट लिमिटेड लॉन्च किया. बल्कि अपने नेतृत्व में कई दूसरे प्रोजेक्ट भी पूरे किए. बता दें कि
किर्लोस्कर समूह में कई कंपनियां हैं. इसमें किर्लोस्कर ब्रदर्स (KBL), किर्लोस्कर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (KIL), किर्लोस्कर फेरम इंडस्ट्रीज लिमिटेड (KFIL), किर्लोस्कर न्यूमेटिक कंपनी लिमिटेड (KPCL), किर्लोस्कर ऑयल इंजन लिमिटेड (KOIL), किर्लोस्कर इलेक्ट्रिक लिमिटेड (KECL) और एनवायर इलेक्ट्रोडाइन लिमिटेड शामिल हैं.
टैग्स