होम / बिजनेस / सज्जन जिंदल की इस कंपनी की Stock Market में शानदार लिस्टिंग, निवेशकों के खिले चेहरे
सज्जन जिंदल की इस कंपनी की Stock Market में शानदार लिस्टिंग, निवेशकों के खिले चेहरे
जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर के आईपीओ को काफी अच्छा रिस्पांस मिला था. उसे देखते हुए माना जा रहा था कि कंपनी की लिस्टिंग भी शानदार होगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
सज्जन जिंदल की कंपनी जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर (JSW Infrastructure) के आईपीओ की आज शेयर बाजार (Stock Market) में शानदार लिस्टिंग हुई है. जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर 143 रुपए पर लिस्ट हुए और उसके बाद भी इनमें जबरदस्त तेजी देखी गई. लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर 26 प्रतिशत से ज्यादा उछाल के साथ 150.75 रुपए पर ट्रेड करता नजर आया. जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर की इस धमाकेदार लिस्टिंग ने निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी है, क्योंकि उन्हें उम्मीद से ज्यादा मुनाफा हुआ है. गौरतलब है कि IPO का प्राइज बैंड 113 से 119 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था.
ग्रुप की तीसरी कंपनी हुई लिस्ट
JSW इन्फ्रास्ट्रक्चर का 2800 करोड़ रुपए का IPO 25-27 सितंबर को खुला था. JSW ग्रुप की यह कंपनी देश की दूसरी सबसे बड़ी कमर्शियल पोर्ट ऑपरेटर है. जून 2023 को समाप्त तिमाही में कंपनी का रिवेन्यु करीब 7% बढ़कर 878 करोड़ रुपए और नेट प्रॉफिट 68% उछाल के साथ 322 करोड़ रुपए हो गया था. JSW ग्रुप की तरफ से 13 साल के लंबे अंतराल के बाद कोई आईपीओ आया है. इससे पहले, 2010 में जेएसडब्लू एनर्जी लिमिटेड का आईपीओ आया था. इस तरह अब तक ग्रुप के 3 आईपीओ आ चुके हैं.
पहले से थी उछाल की उम्मीद
सज्जन जिंदल की अगुवाई वाला JSW ग्रुप अलग-अलग सेक्टर्स में कारोबार करता है. सीमेंट, पेंट, वेंचर कैपिटल और स्पोटर्स में ग्रुप की मौजूदगी है. जेएसडब्ल्यू इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात करें, तो इसमें ज्यादातर हिस्सेदारी सज्जन जिंदल और उनके परिवार की है. वैसे, कंपनी की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री की उम्मीद पहले से थी, लेकिन निवेशकों को एकदम से इतना मुनाफा हो जाएगा इसका अंदाजा नहीं था. कंपनी आईपीओ से प्राप्त रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, कैपिटल खर्च और अन्य सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी. इश्यू का 75% योग्य संस्थागत खरीदारों के लिए, 15% गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए और 10% रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया था.
टैग्स