होम / बिजनेस / Adani के लिए कितनी बड़ी टेंशन है Israel-Hamas War? कंपनी ने जारी किया बयान
Adani के लिए कितनी बड़ी टेंशन है Israel-Hamas War? कंपनी ने जारी किया बयान
इजरायल और हमास के बीच जारी युद्ध ने भारत की कई कंपनियों को मुश्किल में डाल दिया है, अडानी पोर्ट्स भी उन्हीं में से एक है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
इजरायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध (Israel-Hamas War) से अडानी समूह (Adani Group) भी खासा परेशान है. दरअसल, अडानी समूह ने इजरायल के हाइफा पोर्ट (Haifa Port) का अधिग्रहण किया हुआ है. समूह की कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड (APSEZ) ने पिछले साल पोर्ट के प्राइवेटाइजेशन के लिए जॉइंट वेंचर में टेंडर जीता था. हाइफा पोर्ट शिपिंग कंटेनरों में इजरायल का सबसे बड़ा पोर्ट माना जाता है. ऐसे में इजरायल में जारी उथल-पुथल का अडानी की कंपनी के कारोबार पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा, कंपनी के कर्मचारियों की सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा है.
हर स्थिति से निपटने को तैयार
अडानी पोर्ट्स (Adani Ports and Special Economic Zone) ने इजरायल के हाल को लेकर बयान जारी किया है. APSEZ की तरफ से कहा गया है कि वो इजरायल के हाल पर करीबी से नजर रख रही है और वहां मौजूद अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए गए हैं. कंपनी ने कहा कि लड़ाई दक्षिण इजरायल में चल रही है जबकि हाइफा पोर्ट उत्तर में है, लेकिन इसके बावजूद हमने अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं. हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
कार्गो वॉल्यूम में कम हिस्सेदारी
गौतम अडानी (Gautam Adani) की इस कंपनी का कहना है कि उसके कुल कार्गो वॉल्यूम में हाइफा की हिस्सेदारी महज तीन प्रतिशत है. इस वित्तीय वर्ष में हाइफा का कार्गो वॉल्यूम 10 से 12 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जबकि APSEZ का कुल कार्गो वॉल्यूम 370 से 390 मिलियन टन रह सकता है. कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, इस फाइनेंशियल ईयर की पहली छमाही में एपीएसईजेड का कुल कार्गो वॉल्यूम 203 मिलियन मीट्रिक टन रहा, जिसमें हाइफा पोर्ट की हिस्सेदारी 6 मिलियन टन थी.
ऐसा रहा कंपनी के शेयरों का हाल
वहीं, इजरायल-हमास युद्ध के चलते अडानी पोर्ट्स के शेयरों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. सोमवार को शेयर बाजार शुरुआत से ही दबाव में कारोबार कर रहा था. इस दौरान, अडानी पोर्ट्स सहित कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों ने भी बड़ा गोता लगाया. Adani Ports and Special Economic Zone का शेयर 5.09% की गिरावट के साथ 788.50 रुपए पर बंद हुआ. इस शेयर का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 916 रुपए है. अडानी पोर्ट्स के इजरायल को लेकर आए बयान पर शेयर बाजार की प्रतिक्रिया क्या रहती है, इसका पता कल यानी मंगलवार को ही चल पाएगा.
टैग्स