होम / बिजनेस / इस साल अब तक आए IPOs का कैसा रहा प्रदर्शन, किसने दिया सबसे ज्यादा रिटर्न?
इस साल अब तक आए IPOs का कैसा रहा प्रदर्शन, किसने दिया सबसे ज्यादा रिटर्न?
स्टॉक मार्केट में निवेश करने वालों को आईपीओ का इंतजार रहता है. अगले हफ्ते भी दो आईपीओ ओपन हो रहे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
अगले हफ्ते दो कंपनियों के आईपीओ यानी इनिशियल पब्लिक ऑफर आ रहे हैं. RR केबल लिमिटेड का आईपीओ जहां 13 सितंबर को खुलकर 15 सितंबर को बंद होगा. वहीं, सैम्ही होटल्स लिमिटेड के आईपीओ के लिए 14 से 18 सितंबर तक बोली लगाई जा सकती है. RR केबल की योजना अपने IPO के जरिए 1,964.01 करोड़ रुपए जुटाने की है. कंपनी इसके लिए 180.00 करोड़ के 1,739,130 फ्रेश शेयर जारी करेगी. साथ ही 1,784.01 करोड़ के शेयर कंपनी के प्रमोटर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचेंगे.
अब तक आए 20 आईपीओ
सैम्ही होटल्स लिमिटेड ने अभी तक अपने आईपीओ के इश्यू साइज और प्राइज बैंड के बारे में जानकारी नहीं दी है. कंपनी दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और पुणे सहित देश के 12 शहरों में होटल चलाती है. अब बात करते हैं इस साल अब तक आए आईपीओ और उनके प्रदर्शन के बारे में. एक रिपोर्ट बताती है कि 2023 में अब तक मेन बोर्ड के 20 IPO आए हैं. इनमें से एक का शेयर इश्यू प्राइज के नीचे है और एक का इश्यू प्राइज के आसपास ट्रेड कर रहा है. जबकि 18 शेयरों ने 171% तक का रिटर्न दिया है.
किसने, कितना दिया रिटर्न?
हाल ही में आया Vishnu Prakash R Punglia साल का 20वां IPO था. पहले ही दिन इस शेयर ने इश्यू प्राइज पर 47% रिटर्न दिया. सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाले आईपीओ की बात करें, तो इसका नाम साएंट डीएलएम है, जिसने 171% रिटर्न दिया है. उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के आईपीओ ने 94% रिटर्न दिया था. इसका इश्यू प्राइज 25 रुपए था और मौजूदा भाव 48.10 रुपए है. इसी तरह, साह पॉलीमर्स ने 75%, नेटवेब टेक्नो इंडिया ने 69%, मैनकाइंड फार्म ने 64% डिवगी टॉर्कट्रांसफर ने 60% SBFC फाइनेंस ने 53%, आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी ने 47% एरो फ्लेक्स ने 43% का रिटर्न दिया है.
विदेशी निवेशक हैं मेहरबान
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि 2023 में अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों भारतीय शेयर बाजार पर मेहरबान रहे हैं. इस दौरान उन्होंने लगभग 1.40 लाख करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं. इससे IPO बाजार को भी तगड़ा सपोर्ट मिला. वहीं, अगले हफ्ते अपना आईपीओ लेकर आ रही RR केबल लिमिटेड की बात करें, तो कंपनी केबल वायर और केबल मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी है. जून तिमाही में वायर और केबल सेंगमेंट में कंपनी की हिस्सेदारी 71% थी. इसके अलावा, कंपनी फास्ट मूविंग इलेक्ट्रिकल गुड्स भी बनाती है, जिसमें पंखे, लाइट, स्विच आदि शामिल हैं.
टैग्स