होम / बिजनेस / Intel India को दूसरा बड़ा झटका, कंपनी की हेड Nivruti Rai ने 29 साल के सफर पर लगाया विराम
Intel India को दूसरा बड़ा झटका, कंपनी की हेड Nivruti Rai ने 29 साल के सफर पर लगाया विराम
नवंबर 2022 में इंटेल इंडिया की फाउंड्री सर्विसेज के प्रेसिडेंट रणधीर ठाकुर ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
इंटेल इंडिया (Intel India) की हेड निवृत्ति राय (Nivruti Rai) ने अपने पद इस्तीफा दे दिया है. इसी के साथ उनका 29 साल का इंटेल का सफर खत्म हो गया है. निवृति ने फरवरी 1994 में बतौर डिजाइन इंजीनियर इंटेल जॉइन की थी. उन्होंने इंटेल फाउंड्री सर्विसेज की हेड और वाइस-प्रेसिडेंट के पद पर भी काम किया है. कंपनी की तरफ से जारी बयान में निवृत्ति के इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा गया है कि उनकी लीडरशिप में इंटेल इंडिया ने शानदार प्रगति हासिल की है.
नए सफर की जानकारी नहीं
इंटेल से विदाई लेने के बाद निवृत्ति अपनी अगली पारी किस कंपनी के साथ शुरू करेंगी, इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है. बता दें कि राय ने महिला सशक्तिकरण (Women Empowerment) के लिए भी काफी काम किया है. इसके लिए उन्हें 2022 में नारी शक्ति पुरस्कार (Nari Shakti Puraskar) से सम्मानित किया गया था. Nivruti ने 1994 से 2005 तक अमेरिका में इंटेल के साथ काम किया था. बाद में वह भारत शिफ्ट हो गईं. बेंगलुरु में उनका रोल चिपसेट इंजीनियरिंग और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी डेवलपमेंट में सीनियर डायरेक्टर का था.
पहले भी लगा था झटका
इंटेल इंडिया के लिए निवृत्ति राय का इस्तीफा महज एक साल के भीतर दूसरा बड़ा झटका है. नवंबर 2022 में कंपनी की फाउंड्री सर्विसेज के प्रेसिडेंट रणधीर ठाकुर ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. निवृत्ति का जन्म नवंबर 1969 में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुआ था. डॉ. सुनीत त्यागी से शादी के बाद वह यूएस चली गईं. वहां उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित रेंससेलर पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट से मैथमैटिक्स एंड ऑपरेशन्स रिसर्च में डिग्री हासिल की. इसके बाद ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री भी पूरी की.
प्रतिष्ठित लिस्ट में था नाम
निवृति फॉर्च्यून इंडिया की 2019 की बिजनेस की दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की लिस्ट में भी शामिल थीं. उन्हें इस प्रतिष्ठित लिस्ट में 19वां स्थान मिला था. एक रिपोर्ट में बताया गया है कि निवृति राय 2006 में भारत सरकार से दोहरी नागरिकता प्राप्त करने वाली पहली NRI बनीं थीं. वहीं, Intel ने निवृति को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि जल्द ही कंपनी भारत में अपने लीडरशिप प्लान के बारे में जानकारी प्रदान करेगी. कंपनी ने कहा कि अमेरिका के बाहर भारत इंटेल इंडिया हमारी सबसे बड़ी इंजीनियरिंग साइट है और कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण टैलेंट बेस भी है.
टैग्स