होम / बिजनेस / Infibeam Avenues ने जारी किए तिमाही नतीजे, जानें क्या रहा कंपनी का हाल
Infibeam Avenues ने जारी किए तिमाही नतीजे, जानें क्या रहा कंपनी का हाल
कंपनी को वित्त वर्ष 23-24 में ग्रॉस रिवेन्यु 3 से 3300 करोड़ और नेट रिवेन्यु 410 से 415 करोड़ हासिल करने की उम्मीद है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी कंपनी इंफीबीम एवेन्यूज लिमिटेड (Infibeam Avenues Ltd) ने Q1 FY24 के लिए अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा कर दी है. कंपनी के ग्रॉस रिवेन्यु और नेट रिवेन्यु दोनों में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले वृद्धि दर्ज की गई है. FY24 की पहली तिमाही में कंपनी का ग्रॉस रिवेन्यु 742 करोड़ रुपए रहा है, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह 418 करोड़ था. नेट रिवेन्यु की बात करें, तो Q1 FY24 में यह 99 करोड़ है, जो पिछली बार के 74 करोड़ से काफी ज्यादा है.
हासिल किया ये मुकाम
इंफीबीम एवेन्यूज लिमिटेड के एडजस्टेड EBITDA (Earnings Before Interest, Taxes, Depreciation, and Amortization) में भी सुधार हुआ है. इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में यह 56 करोड़ रहा है. जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 43 करोड़ था. इसी तरह, कंपनी का एडजस्टेड PAT (Profit After Tax) 32 करोड़ रहा है, पिछली बार यह 23 करोड़ रुपए था. कुल मिलाकर देखें तो इंफीबीम एवेन्यूज ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है. तिमाही में कंपनी का सकल राजस्व और समायोजित EBITDA (ऑपरेटिंग प्रॉफिट) इंफीबीम के इतिहास में अब तक सबसे अधिक है.
जुड़ने वालों की बढ़ रही संख्या
कंपनी का कहना है कि उसके डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म को व्यापारियों द्वारा तेजी से अपनाया जा रहा है. इस तिमाही में कंपनी ने प्रतिदिन औसतन 9,500 व्यापारियों को जोड़ा है और इसके साथ ही उसके ऑनलाइन कारोबार से जुड़ने वाले व्यापारियों की संख्या 10 मिलियन पहुंच गई है. कंपनी के ओमनीचैनल मोबाइल भुगतान समाधान, CCAvenue TapPay की मांग में भी वृद्धि हुई है. वहीं, कंपनी के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए, इंफीबीम एवेन्यूज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विशाल मेहता ने कहा कि तिमाही नतीजे दर्शाते हैं कि हम बेहतर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
AI में एंट्री करेगी कंपनी
कंपनी को वित्त वर्ष 23-24 में ग्रॉस रिवेन्यु 3 से 3300 करोड़ और नेट रिवेन्यु 410 से 415 करोड़ हासिल करने की उम्मीद है. कंपनी का यह भी कहना है कि इस साल उसका प्रॉफिट आफ्टर टैक्स यानी PAT 130 से 150 करोड़ के आसपास रह सकता है. वहीं, कंपनी विस्तार योजना पर भी आगे बढ़ने के लिए तैयार है. इंफीबीम एवेन्यूज ने भारत का पहला AI हब बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र में प्रवेश करने की योजना बनाई है. कंपनी भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब स्थापित करेगी, जिसका मुख्यालय गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में होगा. इसका शुरुआती फोकस फिनटेक और वित्तीय क्षेत्र के लिए AI समाधान तैयार करना है.
टैग्स