होम / बिजनेस / मुश्किल में IndiGo, एक-दो नहीं पूरे 35 विमान उड़ान से रह सकते हैं महरूम!
मुश्किल में IndiGo, एक-दो नहीं पूरे 35 विमान उड़ान से रह सकते हैं महरूम!
जबरदस्त मुनाफा कमा रही इंडिगो मुश्किल में भंवर में फंस गई है. कंपनी के कई विमान अगली तिमाही से शायद उड़ान न भर पाएं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) मुश्किलों में घिर गई है. यदि हालात ठीक नहीं हुए, तो अगली तिमाही में उसके एक-दो नहीं बल्कि पूरे 35 विमान उड़ान नहीं भर पाएंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंजन बनाने वाली दिग्गज कंपनी प्रैट एंड व्हिटनी (Pratt & Whitney) से इंजन पाउडर मेटल के मुद्दे के चलते इंडिगो के कई विमान उड़ान से महरूम रह सकते हैं. अगले साल जनवरी से मार्च की तिमाही में कंपनी के कम से कम 35 विमानों का संचालन बंद हो सकता है. यदि ऐसा होता है, तो इंडिगो को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा.
पहले से ही कुछ विमान हैं जमीं पर
इंडिगो के कई विमान पहले से ही ग्राउंडेड हैं. इसकी वजह भी प्रैट एंड व्हिटनी के इंजन में आ रही समस्या बताई गई है. गो फर्स्ट (Go First) एयरलाइन को भी इसी तरह की समस्या से जूझना पड़ा था. कंपनी के कई विमान उड़ने की स्थिति में नहीं थी, जिसके चलते उसका घाटा बढ़ता चला गया और कंपनी बर्बाद हो गई. वैसे, इंडिगो के पास काफी विमान हैं. सितंबर के अंत तक कंपनी के बेड़े में 334 विमान शामिल थे. अगर एक साथ 35 विमान बंद हो जाते हैं, तो कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. इसके साथ ही यात्रियों की परेशानी भी बढ़ जाएगी.
मजबूत हुई वित्तीय सेहत
कुछ दूसरी कंपनियों की तरह इंडिगो के कई विमानों में भी प्रैट एंड व्हिटनी के इंजन हैं. इस कंपनी के इंजनों में पिछले कुछ समय से खराबी की शिकायतें मिल रही हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए DGCA ने प्रैट एंड व्हिटनी के इंजन इस्तेमाल करने वाली एयरलाइन्स को निर्देश दिए हैं कि इंजन सही ढंग से रखरखाव करें, अन्यथा 2024 की शुरुआत से विमानों की यात्रा पर रोक लगा दी जाएगी. वहीं, IndiGo की आर्थिक सेहत की बात करें, तो कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में करीब 188 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट कमाया है. ये लगातार चौथी तिमाही है, जब इंडिगो ने मुनाफा कमाया है. इसी तरह, इंडिगो की कुल आमदनी मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 20.6% बढ़कर 15,502.9 करोड़ रुपए हो गई है.
टैग्स