होम / बिजनेस / Indian Oil ने किया बड़ा ऐलान, अब बस बाजार खुलने का है इंतजार
Indian Oil ने किया बड़ा ऐलान, अब बस बाजार खुलने का है इंतजार
इंडियन ऑयल के शेयर शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में इसने मामूली बढ़त ही हासिल की है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
देश की सबसे बड़ी खुदरा पेट्रोलियम विक्रेता कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (Indian Oil Corporation) ने एक बड़ा ऐलान किया है. कंपनी अपने रिफाइनिंग एवं पेट्रोरसायन कारोबार के विस्तार के साथ-साथ ऊर्जा बदलाव से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर भारी-भरकम राशि निवेश करने जा रही है. IOC का कहना है कि वो मौजूदा दशक में लगभग 4 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश करेगी. माना जा रहा है कि IOC की इस घोषणा का उसके शेयरों पर तगड़ा असर देखने को मिल सकता है. इंडियन ऑयल में इन्वेस्ट करने वाले भी अब सोमवार को बाजार खुलने का इंतजार कर रहे हैं.
कहां होगा, कितना निवेश?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के चेयरमैन श्रीकांत माधव वैद्य ने बताया है कि ये निवेश अलग-अलग हिस्सों के रूप में किया जाएगा. IOC कच्चे तेल को ईंधन में बदलने और रिफाइनिंग क्षमताओं के विस्तार पर एक लाख करोड़ रुपए खर्च करेगी. जबकि 2.4 लाख करोड़ रुपए का इन्वेस्टमेंट शून्य कार्बन उत्सर्जन लक्ष्य को हासिल करने में मददगार परियोजनाओं पर किया जाएगा. इसके अलावा, ओडिशा के पारादीप में एक विशाल पेट्रोरसायन परिसर लगाने पर भी 60,000 करोड़ रुपए निवेश किए जाएंगे.
इस तरह मिलेगी मदद
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का मानना है कि उसे इन निवेश योजनाओं से तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में बढ़ रही ऊर्जा मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही वो ऊर्जा बदलाव की राह पर चलते हुए शून्य उत्सर्जन के लक्ष्य तक पहुंच पाएगी. आईओसी के चेयरमैन ने कहा कि आईओसी देश के ऊर्जा क्षेत्र में अपनी हिस्सेदारी को 2050 तक बढ़ाकर 12.5% तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है. फिलहाल यह नौ प्रतिशत है. वहीं, स्टॉक मार्केट में कंपनी के प्रदर्शन की बात करें, तो शुक्रवार को इंडियन ऑयल के शेयर करीब एक फीसदी की गिरावट के साथ 91.75 रुपए पर बंद हुए थे. पिछले 5 कारोबारी सत्रों में इसने महज 0.71% और छह महीनों में 19.39% का रिटर्न दिया है.
टैग्स