होम / बिजनेस / HSBC ने भारत में लॉन्च की ग्लोबल प्राइवेट बैंकिंग, इन्हें मिलेगा लाभ
HSBC ने भारत में लॉन्च की ग्लोबल प्राइवेट बैंकिंग, इन्हें मिलेगा लाभ
एचएसबीसी ने 2022 में L&T इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट का अधिग्रहण किया था, जो कि अब HSBC म्यूचुअल फंड कहलाता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
HSBC ने भारत में हाई नेटवर्थ (HNW) और अल्ट्रा हाई नेटवर्थ (UHNW) पेशेवरों, उद्यमियों एवं उनके परिवारों के लिए ग्लोबल प्राइवेट बैंकिंग (GPB) लॉन्च की है. यह नया कारोबार उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है, जिनके पास 2 मिलियन डॉलर से अधिक की निवेश योग्य संपत्ति है. यह लॉन्च एशिया में वर्ल्ड क्लास वेल्थ सॉल्यूशंस, वैश्विक निजी बैंकिंग विशेषज्ञताओं, व्यापक अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क, कमर्शियल बैंकिंग, ग्लोबल बैंकिंग तथा मार्केट क्षमताओं सहित वेल्थ मैनेजमेंट के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
लगातार बढ़ रहे रईस
भारत ने 2022 में ब्रिटेन को पछाड़कर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का गौरव हासिल किया और 2027-28 तक यह जापान तथा जर्मनी को भी पीछे छोड़ देगा. अप्रैल 2023 में चीन को पीछे छोड़कर भारत दुनिया की सर्वाधिक आबादी वाला देश बन चुका है. इसी तरह, देश में UHNW वालों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है. यानी ऐसे लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिनके पास निवेश के लिए 30 मिलियन डॉलर से अधिक हैं और इस आंकड़े में 2027 तक 58% वृद्धि होने की संभावना है.
क्षमताओं में भी विविधता
इस मौके पर HSBC एशिया-पैसिफिक के को-चीफ एग्जीक्यूटिव सुरेंद्र रोशा ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेज गति से बढ़ रही है और यह दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से है जिसे इसकी विशाल आबादी, देश में डिजिटाइजेशन और अनुकूल नीतिगत व्यवस्थाओं का लाभ मिल रहा है. हमारे नए ग्लोबल प्राइवेट बैंकिंग बिजनेस की लॉन्च से एचएसबीसी की शानदार रिटेल एवं कार्पोरेट सेवाओं के साथ-साथ बैंक की पेशकश में विस्तार करेगा. हम भारत में न सिर्फ अपनी मौजूदगी को मजबूत बना रहे हैं बल्कि अपनी क्षमताओं में भी विविधता ला रहे हैं.
वेल्थ क्रिएशन को बढ़ावा
वहीं, HSBC ग्लोबल प्राइवेट बैंकिंग एंड वेल्थ के चीफ एग्जीक्यूटिव अनाबेल स्प्रिंग ने कहा कि उद्यमिता और इनोवेशन के चलते देश में आर्थिक विकास और वेल्थ क्रिएशन को बढ़ावा मिला है. इसके मद्देनज़र, एचएसबीसी के लिए यह जरूरी है कि वह भारत में उपस्थिति को मजबूती देने के साथ-साथ एशियाई, अंतर्राष्ट्रीय तथा एचएसबीसी से जुड़े क्लाइंट्स के अग्रणी ग्लोबल प्राइवेट बैंक के तौर पर खुद को स्थापित करे. हम अपने क्लाइंट्स को उनकी परिसंपत्तियों की सुरक्षा तथा उसे बढ़ाने में मदद देते हुए उनके परिवारों, व्यवसायों तथा उत्तराधिकारियों की महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने के लिए उनके साथ भागीदारी को लेकर उत्साहित हैं.
लगातार विस्तार कर रहा ग्रुप
एचएसबीसी ग्रुप भारत में अपनी उपस्थिति को मजबूती देने की दिशा में लगातार प्रयासरत है. इस सिलसिले में 2022 में इसने L&T इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट का अधिग्रहण किया था, जो कि अब एचएसबीसी म्युचुअल फंड कहलाता है. साथ ही, इसने अपनी डिजिटल, पेमेंट, लैन्डिंग एवं इंटरनेशनल बैंकिंग सेवाओं का भी विस्तार किया है और अपने ज्वाइंट वेंचर केनरा HSBC लाइफ के जरिए यह लाइफ इंश्योरेंस सेवाएं भी उपलब्ध कराता है.
टैग्स