होम / बिजनेस / Byju's से 1000 कर्मचारियों के लिए आई अच्छी खबर, ये है पूरा मामला
Byju's से 1000 कर्मचारियों के लिए आई अच्छी खबर, ये है पूरा मामला
एक दशक पहले शुरू हुई इस कंपनी के लिए कोरोना काल काफी अच्छा समय बनकर सामने आया. स्कूल कॉलेजों के बंद होने के कारण उसकी ऑनलाइन स्टडी को कई लोगों ने हाथों हाथ लिया.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
एडटेक कंपनी Byju's के 1000 कर्मचारियों के लिए राहत की खबर निकलकर सामने आई है. कंपनी ने अपने उन कर्मचारियों को भुगतान कर दिया है जिन्हें वो अभी तक नवंबर की सैलरी नहीं दे पाई थी. कंपनी की ओर से पहले कहा गया था कि ये समस्या एक पुराने पे रोल सिस्टम से नए पे रोल सिस्टम में डेटा ट्रांसफर करते वक्त हुई थी. लेकिन अब इस समस्या से पूरी तरह से निपट लिया गया है.
कंपनी को करना पड़ा था आलोचना का सामना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, Byju's के भारत में 14000 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं. कंपनी की ओर से इस समस्या को लेकर कहा गया था कि कंपनी सिस्टम से पेरोल सेवा प्रदाता सिस्टम पर ट्रांसफर करते हुए ये तकनीकी समस्या पैदा हो रही थी. लेकिन अब उसे पूरी तरह से सुलझा लिया गया है. कंपनी को हाल ही में उन कर्मचारियों के भुगतान को लेकर भी आलोचना का सामना करना पड़ा था जिन्हें उसने निकाल दिया था. पहले इन कर्मचारियों को भुगतान के लिए सितंबर में कहा गया था लेकिन बाद में उसे नवंबर कर दिया गया. हालांकि अभी तक कंपनी की ओर से इस पर कोई जवाब नहीं दिया गया है.
संकटों में घिरी है एडटेक कंपनी
Byju's पहले से ही कई तरह के संकटों का सामना कर रही है. क्योंकि BCCI ने पहले ही इस कंपनी को नेशनल कंपनी ट्रिब्यूनल में घसीटा हुआ है. Byju's ने हाल ही में डेविडसन केम्पनर के साथ एक लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे को सुलझा लिया है. ये विवाद आकाश से जुड़ा हुआ है जो Byju's की सब्सिडियरी है. इससे पहले मणिपाल ग्रुप के रंजन पई 1400 करोड़ रुपये के सौदे के साथ कंपनी के कर्ज में कमी ला चुके हैं. इससे पहले सितंबर में कंपनी अपने सभी कर्जदाताओं को ये भरोसा दिला चुकी है कि वो आने वाले 6 महीने में पूरा 1.2 बिलियन का कर्ज चुका देगी. Byju's इसे 300 मिलियन की पेमेंट के साथ शुरू करना चाह रही है.
अपनी संपत्तियों का ऑडिट भी करवा चुकी है Byju's
कर्जदाताओं की इस समस्या से निपटने के लिए Byju's अपनी संपत्तियों की वैल्यूएशन का ऑडिट भी करवा चुकी है. Byju's की स्थापना एक दशक पहले एक टीचर रवीन्द्रन ने की थी. लेकिन कोरोना काल इस कंपनी के लिए वरदान लेकर आया और मार्च 2022 में इस कंपनी ने अपने फंडिंग राउंड में 800 मिलियन डॉलर जुटाने में कामयाब रही थी. उस वक्त कंपनी का वैल्यूएशन 22 बिलियन डॉलर हुआ करता था. लेकिन उसके बाद कंपनी के फाइनेंशियल रिजल्ट के देरी से आने के कारण और कई ऑडिटरों के इस्तीफा देने के कारण कंपनी को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा.
ये भी पढें :अब ज्यादा टू व्हीलर और दूसरी गाड़ियों पर मिल पाएगी सब्सिडी, सरकार ने उठाया ये कदम
टैग्स