होम / बिजनेस / Baba Ramdev की इस देशी कंपनी पर विदेशियों ने लुटाया प्यार, खरीद डाले इतने शेयर
Baba Ramdev की इस देशी कंपनी पर विदेशियों ने लुटाया प्यार, खरीद डाले इतने शेयर
बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड्स के ऑफर-फॉर-सेल (OFS) को लेकर भी निवेशकों में खासा उत्साह देखने को मिला.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
बाबा रामदेव की देशी कंपनी पतंजलि फूड्स पर विदेशी निवेशकों ने भी जमकर प्यार लुटाया है. फॉरेन इन्वेस्टमेंट फर्म 'Fidelity Investments' ने ब्लॉक डील के जरिए अपने अलग-अलग फंडों से पतंजलि फूड्स (Patanjali Foods) में 11.82 लाख शेयरों की संयुक्त हिस्सेदारी खरीदी. यह लेनदेन 1155 रुपए प्रति शेयर के औसत मूल्य पर किया गया है. इसके अलावा दो अन्य विदेशी निवेशक - Florida Retirement System और FGTEBP Fiam ने भी बाबा की इस कंपनी के शेयर खरीदे हैं. वहीं, पतंजलि फूड्स के ऑफर-फॉर-सेल (OFS) को लेकर निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. शुक्रवार को यह दोगुने से ज्यादा सब्सक्रिप्शन हुआ.
जमकर उठाया लाभ
पतंजलि फूड्स ने स्टॉक एक्सचेंज को भेजी सूचना में बताया था कि उसकी प्रमोटर कंपनी पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड (Patanjali Ayurved Limited) 2 रुपए के फेस वैल्यू वाले कंपनी के करीब 25,339,640 इक्विटी शेयरों को बेचने जा रही है. यह कंपनी के कुल शेयर कैपिटल का करीब 7 फीसदी है. साथ ही ओवर-सब्सक्रिप्शन की स्थिति में 7,239,897 अतिरिक्त शेयरों को बेचने का भी प्रस्ताव है, जो कंपनी के कुल शेयर कैपिटल का करीब 2% है. इस तरह प्रमोटरों की तरफ से लाया गया OFS कुल 32,579,537 शेयरों यानी 9% प्रतिशत हिस्सेदारी का हो सकता है. 13 और 14 जुलाई को इस OFS में निवेश करना का मौका था और निवेशकों ने इस मौके का जमकर लाभ उठाया.
2 दिन में मिलीं इतनी बोलियां
BSE पर उपलब्ध आंकड़े बताते हैं कि नॉन-रिटेल में यह OFS दो गुना से अधिक और रिटेल कैटेगरी में 3 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब किया गया है. शुक्रवार को रिटेल निवेशकों से 76,34,567 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं, जबकि बिक्री पेशकश के तहत 25,33,964 शेयर रखे गए थे. गुरुवार को 2.28 करोड़ शेयर नॉन रिटेल निवेशकों को बिक्री के लिए पेश किए गए थे. स्टॉक मार्केट में Patanjali Foods के प्रदर्शन की बात करें, तो सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को यह 5% की बढ़त के साथ 1,223.35 रुपए पर बंद हुआ था.
क्यों लाया गया OFS?
30 जून तक पतंजलि आयुर्वेद के पास पतंजलि फूड्स की 39.37% हिस्सेदारी थी. कुल मिलाकर, प्रमोटर समूह के पास कंपनी में 29,25,76,299 शेयर या 80.82% हिस्सेदारी है, जो कि नियमों से ज्यादा है. नियमों के अनुसार, शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों में प्रमोटर की हिस्सेदारी अधिकतम 75 फीसदी हो सकती है. पतंजलि फूड्स की तरफ से बताया गया था कि प्रमोटर की ओर से न्यूनतम शेयरहोल्डिंग नियम को ध्यान में रखते हुए यह OFS लाया जा रहा है.
टैग्स