होम / बिजनेस / ऐसा क्या हुआ कि चुलबुली Amul Girl की आंखों में आ गए आंसू?
ऐसा क्या हुआ कि चुलबुली Amul Girl की आंखों में आ गए आंसू?
सिल्वेस्टर ने कई विज्ञापन डिजाइन किए थे, लेकिन सही मायनों में उन्हें पहचान Amul Girl के जरिए ही मिली.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
अमूल गर्ल और उसके चुलबुलेपन से तो आप जरूर वाकिफ होंगे. बड़ी-बड़ी आंखें, सफेद-लाल रंग की डॉटेड फ्रॉक वाली अमूल गर्ल (Amul Girl), अमूल कंपनी की पहचान बन गई है. इस 'गर्ल' को ज्यादातर सबने हंसते-हंसाते ही देखा है, लेकिन आज इसकी आंखों में आंसू है. वजह ही कुछ ऐसी है कि उसकी आंखें दर्द से भर आई हैं. दरअसल, अमूल गर्ल को इस दुनिया में लाने वाले यानी उसके क्रिएटर सिल्वेस्टर दाकुन्हा (Sylvester daCunha) का निधन हो गया है. अमूल के पूर्व MD आरएस सोढ़ी ने अमूल गर्ल की एक फोटो सोशल मीडिया शेयर की है, जिसमें उसे रोते दिखाया गया है.
कल्पना से दिया था जन्म
सिल्वेस्टर दाकुन्हा 1966 में अमूल गर्ल को इस दुनिया में लेकर आए थे. उन्हें 'फादर ऑफ अमूल गर्ल' कहा जाता है. सिल्वेस्टर ने अपना कल्पना से अमूल गर्ल जन्म दिया था. उनका ये कैंपेन देखते ही देखते इतना फेमस हो गया कि ये 'गर्ल' ही कंपनी की पहचान बन गई है. मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि एड गुरु सिल्वेस्टर दाकुन्हा का 80 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके दुनिया को अलविदा कहने के दुख को अमूल गर्ल रोते हुए दर्शा रही है.
— R S Sodhi (@Rssamul) June 21, 2023
इस कैंपेन से मिली पहचान
विज्ञापन की दुनिया में सिल्वेस्टर दाकुन्हा एक बहुत बड़ा नाम थे. उन्होंने अमूल की Utterly Butterly गर्ल को डिजाइन किया था, जिसे काफी सराहा गया. आज ये लड़की Amul की पहचान बन गई है. सिल्वेस्टर दाकुन्हा के परिवार में उनकी पत्नी निशा और बेटे राहुल दाकुन्हा हैं. वैसे, तो सिल्वेस्टर ने कई विज्ञापन डिजाइन किए, लेकिन सही मायनों में उन्हें पहचान Amul Girl के जरिए ही मिली. उनके द्वारा दी गई टैगलाइन 'अटरली बटरली डिलीशियस' भी काफी लोकप्रिय हुई है. एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमूल गर्ल अभियान की शुरुआत के 3 साल बाद सिल्वेस्टर दाकुन्हा ने अपने भाई के साथ मिलकर 1969 में दाकुल्हा कम्युनिकेशंस की स्थापना की थी. इसी के जरिए वो अमूल गर्ल के क्रिएटिव कार्टून तैयार करते थे.
बेटा संभाल रहा कारोबार
सिल्वेस्टर दाकुन्हा ने अपना कारोबार अपने बेटे राहुल को सौंप दिया था और वो ही अमूल के इस कैंपेन को जारी रखे हुए हैं. बता दें कि अमूल का ये कार्टून अब सिर्फ ब्रैंड तक सीमित नहीं है, बल्कि अक्सर इसे सियासी तंज कसने या समसामयिक घटनाओं पर अलग सोच दर्शाते हुए भी देखा जा सकता है. सिल्वेस्टर अब भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वो अमूल गर्ल के रूप में हमेशा के लिए अमर हो गए हैं. जब भी अमूल गर्ल का जिक्र होगा, सिल्वेस्टर दाकुन्हा हमेशा याद आएंगे.
टैग्स