होम / बिजनेस / नए कारोबार में उतरी Emami, कंपनी को इस तरह मिलेगा फायदा
नए कारोबार में उतरी Emami, कंपनी को इस तरह मिलेगा फायदा
इमामी ने एक्सिओम आयुर्वेद प्राइवेट लिमिटेड में रणनीतिक निवेश के माध्यम से हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
दिग्गज पर्सनल केयर और हेल्थकेयर कंपनी इमामी (Emami) एक नए कारोबार में उतर रही है. कंपनी ने एक्सिओम आयुर्वेद प्राइवेट लिमिटेड (Axiom Ayurveda Private Limited) में 26% हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है. एक्सिओम 'एलोफ्रूट' सहित 100 से अधिक प्रकार के हर्बल और फलों का जूस तैयार करती है. इस तरह, Emami जूस के कारोबार में भी पैर जमाएगी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इमामी ने एक्सिओम और उसकी सहायक कंपनियों में रणनीतिक निवेश के माध्यम से 26% इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने की घोषणा की है.
शेयरों में आया उछाल
इमामी की शॉपिंग की खबर सामने आने के बाद कंपनी के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए. Emami के शेयर गुरुवार को 0.59% की उछाल के साथ 515 रुपए के लेवल पर पहुंच गए. जबकि पिछले 5 कारोबारी सत्रों में इसमें 2.14% की गिरावट आई है. वहीं, कंपनी की आर्थिक सेहत की बात करें, तो वित्त वर्ष 2022-23 की अप्रैल-जून तिमाही के मुकाबले वित्तवर्ष 2023-24 की अप्रैल जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 74 करोड़ से बढ़कर 138 करोड़ रुपए हो गया है. यानी कंपनी की आर्थिक सेहत में सुधार हो रहा है. इसी तरह, कंपनी की इनकम 773 करोड़ से बढ़कर 826 करोड़ रुपए रही है.
एक्सिओम के बारे में
एक्सिओम आयुर्वेद प्राइवेट लिमिटेड की बात करें, तो इसकी शुरुआत मेडिकल ऑफिसर Dr. Hemlata Gupta ने की थी. फिलहाल, उनके पोते ऋषभ गुप्ता कंपनी को आगे बढ़ा रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऋषभ ने यूरोप से अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग में डिप्लोमा हासिल किया है और वह एक टेक्निकल एक्सपर्ट हैं. उन्होंने आधुनिक तकनीक, आकर्षक पैकेजिंग और उपभोक्ताओं के साथ बेहतर जुड़ाव के साथ एक्सिओम के कारोबार का विस्तार किया है. एक्सिओम 100 से ज्यादा प्रकार के हर्बल और फलों के रस का उत्पादन करती है. जानकार मानते हैं कि आजकल हेल्थ को लेकर जागरुकता बढ़ रही है और हर्बल हेल्थ ड्रिंक्स का क्रेज भी बढ़ा है. लिहाजा इमामी के लिए यह डील फायदे का सौदा रहेगी.
टैग्स