होम / बिजनेस / Byju Raveendran का भविष्य तय करने वाली बैठक खत्म, जानें क्या हुआ फैसला
Byju Raveendran का भविष्य तय करने वाली बैठक खत्म, जानें क्या हुआ फैसला
बायजू के निवेशकों के एक समूह द्वारा बुलाई गई असाधारण आम बैठक खत्म हो गई है. बैठक में मतदान भी हुआ है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
बायजू रवींद्रन (Byju Raveendran) और उनकी कंपनी को बाहर करने के उद्देश्य से बुलाई गई असाधारण आम बैठक (EGM) खत्म हो गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बैठक में बायजू रवींद्रन सहित उनके परिवार को कंपनी से हटाने के लिए वोटिंग की गई है, जिसके परिणाम जल्द सामने आ सकते हैं. आरोप लगाया जा रहा है कि निवेशकों के एक समूह द्वारा बुलाई गई इस ऑनलाइन बैठक में कई तरह से व्यावधान उत्पन्न करने की भी कोशिश हुई, लेकिन बैठक को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है.
फिशिंग अटैक का आरोप
रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि आज सुबह 9 बजे शुरू हुई बैठक में Zoom वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग लिंक के जरिए बड़ी संख्या में लोग शामिल हो गए. जिनमें से कई को सत्यापन के बाद बाहर किया गया. मीटिंग बाधित करने के लिए फिशिंग अटैक के आरोप भी लगाए गए हैं. वहीं, Byju's के फाउंडर बायजू रवींद्रन और उनके परिवार के सदस्य इस बैठक से दूर रहे. उन्होंने इसे अमान्य करार दिया है.
NCLT पहुंचे निवेशक
इस बीच, खबर है कि Byju’s के चार निवेशकों ने आज दमन और कुप्रबंधन का मुकदमा NCLT में दायर किया है. इन निवेशकों ने एनसीएलटी से कंपनी के संस्थापक बायजू रवींद्रन को कंपनी चलाने के लिए अयोग्य घोषित करने की मांग की है. साथ ही एक नया बोर्ड नियुक्त करने की गुहार भी लगाई है. इसके अलावा, उन्होंने बायजू प्रबंधन के खिलाफ निवेशकों के मुकदमे में फोरेंसिक ऑडिट, नए निदेशक मंडल की नियुक्ति, राइट्स इश्यू को अमान्य घोषित करने की मांग भी की है.
कंपनी ने कही ये बात
इससे पहले, बुधवार को कर्नाटक हाई कोर्ट ने Byju’s में 32 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखने वाले शेयरधारकों की ओर से सामूहिक रूप से बुलाई गई ईजीएम पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था. हालांकि, कोर्ट ने यह जरूर कहा था कि ईजीएम में होने वाले मतदान का नतीजा 13 मार्च तक लागू नहीं किया जाएगा. वहीं, मीटिंग को लेकर Byju’s के प्रवक्ता ने कहा था कि बायजू रवींद्रन या कोई अन्य बोर्ड सदस्य इस अमान्य ईजीएम में शामिल नहीं होगा. लिहाजा इसके बावजूद भी ईजीएम बुलाए जाने पर उसमें आवश्यक कोरम नहीं होगा और एजेंडा पर चर्चा या मतदान को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता.
टैग्स