होम / बिजनेस / शेयर बाजार में किस्मत आजमाने वालों की संख्या बढ़ी, खुले रिकॉर्ड Demat Accounts
शेयर बाजार में किस्मत आजमाने वालों की संख्या बढ़ी, खुले रिकॉर्ड Demat Accounts
शेयर बाजार को लेकर लोगों का भरोसा कायम है, इसलिए उसमें निवेश करने वालों की संख्या बढ़ रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
शेयर बाजार (Stock Market) में किस्मत आजमाने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है. हाल के महीनों में बाजार में आई तेजी ने रिटेल निवेशकों को आकर्षित किया है और वो धड़धड़ा दांव लगा रहे हैं. स्टॉक मार्केट में निवेश के लिए डीमटेरियलाइज्ड खाते यानी डीमैट अकाउंट जरूरी होता है. इन खातों की संख्या में बढ़ोत्तरी का साफ मतलब है कि शेयर बाजार में निवेश करने वालों की संख्या बढ़ी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते कुछ समय में बड़ी संख्या में नए डीमैट खाते खुले हैं. अकेले जुलाई में ही देश की दो डिपॉजिटरी, CDSL और NSDL के पास लगभग 30 लाख नए डीमैट खाते खोले गए हैं.
औसत से काफी ज्यादा
इस साल जुलाई में खुले Demat खातों की ये संख्या जनवरी 2022 के बाद से सबसे ज्यादा है. इतना ही नहीं, जुलाई का ये आंकड़ा पिछले 12 महीने के 20 लाख के औसत से काफी ज्यादा है. इसके साथ ही देश में कुल डीमैट खातों की संख्या बढ़कर 12.35 करोड़ पर पहुंच गई है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इक्विटी मार्केट में रिटेल निवेशकों की रुचि पर बाजार के ट्रेंड का काफी असर रहता है. हाल में माइक्रो-कैप और स्मॉल-कैप इंडेक्स ने निफ्टी और सेंसेक्स से अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसके चलते इक्विटी बाजार में रिटेल निवेशकों रुचि फिर से बढ़ती दिखाई दे रही है.
बना हुआ है विश्वास
बाजार के हाल की बात करें, तो पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में इसमें गिरावट भी देखने को मिली है. हालांकि, जिस तरह से दुनियाभर के मुश्किल हालातों ने भारतीय स्टॉक मार्केट ने प्रदर्शन किया है, उससे निवेशकों में एक भरोसा बना है और इस वजह से ही बाजार में निवेश करने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है. वहीं, मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि देश की आगे की ग्रोथ संभावनाएं काफी मजबूत नजर आ रही हैं. देश के बुनियादी ढांचे और रियल एस्टेट में काफी अच्छी ग्रोथ देखने को मिल सकती है. इसके चलते इक्विटी मार्केट में भी तेजी आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.
भाग रहा Zomato का शेयर
वहीं, पहली बार मुनाफा दर्ज करने वाली फूड डिलीवरी कंपनी Zomato के शेयर तेजी से भाग रहे हैं. खबर लिखे जाने तक कंपनी के शेयर 9% से ज्यादा की उछाल के साथ 94.65 रुपए पर पहुंच गए थे. जिस स्पीड से Zomato के शेयर भाग रहे हैं, उसे देखकर लगता है कि ये जल्द ही अपने 52 वीक के हाई लेवल 98.40 रुपए को पीछे छोड़ देंगे. Zomato को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ है. जबकि कंपनी का रिवेन्यु 70.9% बढ़कर 2416 करोड़ पहुंच गया है. तिमाही नतीजों के आते ही कंपनी के शेयरों को लेकर नजरिया बदल गया है.
टैग्स