होम / बिजनेस / Budget 2024: इनकम टैक्स में राहत की टूटी उम्मीद, लेकिन बजट में ये बड़ी घोषणाएं कर गईं FM
Budget 2024: इनकम टैक्स में राहत की टूटी उम्मीद, लेकिन बजट में ये बड़ी घोषणाएं कर गईं FM
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश कर दिया है. बजट से मध्यमवर्ग को निराशा हाथ लगी है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
Budget 2024 Live Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) संसद में अंतरिम बजट (Interim Budget 2024) पेश कर दिया है. बजट में उन्होंने कई घोषणाएं की, लेकिन इनकम टैक्स में राहत देने से इंकार कर दिया. वित्त मंत्री ने परंपरा का हवाला देते हुए टैक्स से जुड़ा कोई ऐलान नहीं किया. इनकम टैक्स सहित किसी भी तरह के डायरेक्ट और इनडायरेक्ट टैक्स और उनके स्लैब में कोई बदलाव नहीं हुआ है. इसे मिडिल क्लास के लिए झटका माना जा रहा है, क्योंकि उसे पूरी उम्मीद थी कि इनकम टैक्स के मोर्चे पर सरकार उसे कुछ राहत दे सकती है.
बजट की प्रमुख बातें
-
लक्षद्वीप सहित समूचे देश में पर्यटन बढ़ाने पर दिया जाएगा जोर
-
उड़ान योजना के तहत 517 नए मार्ग जोड़े जाएंगे
-
इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च 11 प्रतिशत बढ़ाकर 11.11 लाख करोड़ रुपए रहेगा
-
राज्यों में विकास के लिए 75,000 करोड़ रुपए के ब्याज-मुक्त कर्ज का प्रावधान
-
रूफटॉप सोलर’ प्रोजेक्ट के तहत 1 करोड़ परिवार को हर महीने 300 यूनिट बिजली मुफ्त
-
'आयुष्मान भारत योजना' में आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता होंगी शामिल
-
डेयरी किसानों की सहायता के लिए व्यापक कार्यक्रम बनेगा
-
अब 3 करोड़ महिलाओं को बनाया जाएगा लखपति दीदी
-
2047 तक भारत को विकसित बनाने का संकल्प
-
पीएम आवास योजना के तहत अगले 5 साल में 2 करोड़ नए घर बनेंगे
-
तीन नए रेल कॉरिडोर शुरू करेगी सरकार
- नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे
अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने भाई-भतीजावाद को खत्म किया है. प्रधानमंत्री का पूर्ण विश्वास है कि हम गरीब, महिला, युवा और अन्नदाता किसान के लिए काम करें. उनका कल्याण हमारी प्राथमिकता है. इन सभी को सरकारी सुविधाएं मिलनी चाहिए, जिससे कि हमारा देश सशक्त बन सके.वित्त मंत्री ने कहा कि महंगाई घट रही है. सरकार लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत कर रही है. सरकार को गरीबों का ख्याल है. हमने 80 करोड़ लोगों को राशन उपलब्ध कराया है. GST से वन नेशन, वन मार्केट और वन टैक्स संभव हुआ है. वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा है कि हमारी सरकार आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने की गारंटी दे रही है. हमने एक करोड़ युवाओं को प्रशिक्षण दिया है. महिलाओं की उद्यमीयता 28 प्रतिशत बढ़ी है. उन्होंने आगे कहा कि बीते दस वर्षों में हमने 30 करोड़ मुद्रा योजना का ऋण महिला उद्यमियों को दिया है. हमारी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काफी काम कर रही है. आज हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है. हमने 3 तलाक को खत्म किया है.
निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार गर्वनमेंट, डेवलपमेंट और फरफॉर्मेंस पर ध्यान दे रही है. पिछले 10 साल में केंद्र सरकार ने 3 हजार नई आईटीआई, 7 IIT, 16 IIIT, 7 IIM, 15 AIIMS और 390 विश्वविद्यालय निर्मित किए हैं. बजट में देश की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना 'आयुष्मान भारत' को लेकर भी ऐलान हुआ है. वित्त मंत्री ने कहा कि आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आयुष्मान भारत में कवर होंगी. उन्होंने यह भी कहा कि डेयरी किसानों की सहायता के लिए व्यापक कार्यक्रम बनेगा. वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया है. इसका लक्ष्य 2 करोड़ से बढ़ाकर तीन करोड़ करने का रखा गया है. उन्होंने आगे कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाने के संकल्प के साथ हमारी सरकार आगे बढ़ रही है. तेज गति के साथ आर्थिक विकास हुआ है. मतस्य उत्पादन दोगुना हुआ है. रक्षा क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भर बनता जा रहा है.
वित्त मंत्री ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान के साथ अब एक और नारा जोड़ा है और वो है जय अनुसंधान. इसके लिए जरिए देश में अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा. अपने बजट भाषण में पीएम आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगले 5 साल में 2 करोड़ नए घर भी बनेंगे. फाइनेंस मिनिस्टर ने बताया कि हमारी सरकार पर्यटन पर भी काफी काम कर रही है. विदेशी निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है. पर्यटन केंद्रों को विकसित किया जाएगा, लक्षद्वीप के विकास को बढ़ावा मिलेगा. जुलाई में सरकार विकसित भारत की रूपरेखा पेश करेगी. उन्होंने कहा कि देश में एयरपोर्ट की संख्या दोगुनी होकर 149 हो गई है. टियर टू और टियर थ्री शहरों में एयर कनेक्टिविटी पहले के मुकाबले बढ़ी है.
टैग्स