होम / बिजनेस / अपने इस्तीफे से सबको चौंकाने वाले पूर्व RBI गवर्नर उर्जित पटेल के बारे में आई ये खबर
अपने इस्तीफे से सबको चौंकाने वाले पूर्व RBI गवर्नर उर्जित पटेल के बारे में आई ये खबर
रिजर्व बैंक के गवर्नर रहे उर्जित पटेल ने दिग्गज FMCG कंपनी के साथ नई पारी शुरू की है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर पद से इस्तीफा देने के बाद खबरों से गायब हुए उर्जित पटेल (Urjit Patel) एक बार फिर से खबरों में आ गए हैं. पटेल ने एक दिग्गज FMCG कंपनी के साथ अपना रिश्ता जोड़ लिया है. ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने RBI के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल को अपना नया स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है. पटेल अगले 5 साल तक इस पद पर रहेंगे. उर्जित पटेल 2016-18 के बीच RBI के गवर्नर रहे थे.
ब्रिटानिया ने कही ये बात
ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने एक बयान में कहा है कि उसने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल को कंपनी के अतिरिक्त गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में नियुक्त किया है. कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि नामांकन और पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर निदेशक मंडल ने उर्जित पटेल को कंपनी के अतिरिक्त गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है. यह नियुक्ति 2 जुलाई 2024 से 1 जुलाई 2029 तक यानी 5 सालों के लिए मान्य होगी.
संभाली अहम जिम्मेदारियां
60 वर्षीय उर्जित पटेल 2016 से 18 तक रिजर्व बैंक के गवर्नर रहे थे.वह RBI के 24वें गवर्नर थे. अपने कार्यकाल के दौरान पटेल बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स के निदेशक मंडल के सदस्य भी थे. उन्होंने वित्तीय स्थिरता संस्थान के सलाहकार बोर्ड में भी काम किया है. जनवरी 2013 में उन्होंने RBI में मौद्रिक नीति, आर्थिक अनुसंधान और वित्तीय बाजार संचालन के प्रभारी डिप्टी गवर्नर की जिम्मेदारी संभाली थी. पटेल ने अचानक ही RBI के गवर्नर पद से इस्तीफ़ा देकर सबको चौंका दिया था.
इस वजह से छोड़ा था पद
उर्जित पटेल ने 2018 में अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. केंद्र सरकार से टकराव के बीच उन्होंने पद छोड़ने का ऐलान किया था. उस समय यह कहा गया था कि PM मोदी उर्जित पटेल से नाराज हैं. दरअसल, स्वायत्तता को लेकर सरकार और RBI में ठन गई थी. इसके बाद पटेल ने कार्यकाल पूरा होने से पहले ही अपना पद छोड़ दिया था. बता दें कि RBI से जुड़ने से पहले पटेल ने लगभग 15 सालों तक रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और IDFC लिमिटेड सहित कई कंपनियों को सेवाएं दी हैं. वह अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में भी काम कर चुके हैं.
टैग्स