होम / बिजनेस / रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर Bankers को काम से मिली आजादी, मोहन सरकार ने पूरी की मुराद
रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर Bankers को काम से मिली आजादी, मोहन सरकार ने पूरी की मुराद
मध्य प्रदेश में काम करने वाले बैंक कर्मियों के लिए अच्छी खबर है. राज्य सरकार ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर बैंकों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने बैंक कर्मियों को त्यौहार के मौके पर काम से आजादी का तोहफा दिया है. सरकार ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर बैंकों में भी अवकाश की घोषणा की है. इसका मतलब है कि प्रदेश में कार्यरत बैंककर्मी 19 अगस्त को रक्षाबंधन और 26 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी अपने परिवार के साथ मना सकेंगे. पहले, उनके ये दोनों ही त्यौहार काम करते हुए गुजरते थे.
CM को सौंपा था ज्ञापन
मुख्यमंत्री यादव से बैंक कर्मचारियों के संगठनों ने राज्य के अन्य कार्यालयों की तरह बैंकों में भी रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टी मनाने के लिए अवकाश घोषित करने की मांग की थी, जिसे उन्होंने स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले स्वीकार कर लिया. राज्य सरकार ने निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 के तहत इन अवकाशों की घोषणा की है. बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के 9 संगठनों वाले यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्य प्रदेश ने 2 अगस्त को ज्ञापन भेजकर रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर बैंकों में छुट्टी की मांग की थी.
कम छुट्टी का हवाला
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि अन्य प्रदेशों की तुलना में मध्य प्रदेश में फेस्टिवल पर उन्हें कम अवकाश मिलते हैं. इस साल यानी 2024 में अन्य राज्यों के बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में 25 अवकाश घोषित किए गए हैं, जबकि मध्य प्रदेश में केवल 14 अवकाश ही मिल रहे हैं. गौरतलब है कि बैंक कर्मी लंबे समय से सप्ताह में दो दिन अवकाश घोषित करने की मांग कर रहे हैं. हालांकि, इस पर फैसला केंद्र सरकार को लेना है.
इस तरह रहेगी छुट्टी
बैंकों की छुट्टी की बात करें, तो 18 अगस्त को रविवार है, 19 को मध्य प्रदेश के बैंक बंद रहेंगे. इस तरह 18-19 लगातार दो दिन बैंकों में कामकाज नहीं होगा. हालांकि, सप्ताह अवकाश को छुट्टी के तौर पर देखना गलत है क्योंकि यह व्यवस्था तो सभी कार्यालयों में होती है. इसके बाद 26 अगस्त को जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में प्रदेश में बैंकों में अवकाश रहेगा. इससे पहले चौथा शनिवार और रविवार पड़ रहा है. यानी 24, 25 और 26 अगस्त को बैंक बंद रहेंगे. मौजूदा व्यवस्था के तहत बैंकों में महीने के चौथे शनिवार को कामकाज नहीं होता है.
टैग्स