होम / बिजनेस / जरूरी खबर: इस दिन बैंकों में नहीं होगा कामकाज, हड़ताल पर जा रहे हैं बैंककर्मी
जरूरी खबर: इस दिन बैंकों में नहीं होगा कामकाज, हड़ताल पर जा रहे हैं बैंककर्मी
बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा जारी एक रेगुलेटरी स्टेटमेंट में कहा गया है कि ऑल इंडिया बैंक एम्पलॉइज एसोसिएशन के महासचिव ने इंडियन बैंक एसोसिएशन को हड़ताल का नोटिस दिया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
सरकारी बैंकों के निजीकरण और दूसरी मांगों को लेकर बैंककर्मी 19 तारीख को हड़ताल पर रहेंगे, यानी इस दिन बैंकों में कोई कामकाज नहीं होगा. इसलिए यदि आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो पहले ही निपटा लीजिए. ऑल इंडिया बैंक एम्पलॉइज एसोसिएशन (AIBEA) ने 19 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल बुलाई है. इस हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग पर इस हड़ताल का कोई असर नहीं होगा.
निजीकरण का विरोध
बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा जारी एक रेगुलेटरी स्टेटमेंट में कहा गया है कि ऑल इंडिया बैंक एम्पलॉइज एसोसिएशन (AIBEA) के महासचिव ने इंडियन बैंक एसोसिएशन को हड़ताल का नोटिस दिया है. जिसमें कहा गया है कि उनके सदस्यों ने 19 नवंबर को हड़ताल पर जाने का प्रस्ताव रखा है. बैंककर्मी निजीकरण के विरोध के साथ ही अपनी कई लंबित मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं. इसमें वेतन वृद्धि और 5-डेज बैंकिंग शामिल है. इसे लेकर कई बार पूर्व में भी हड़ताल हो चुकी है, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ. इसलिए बैंक यूनियन ने 19 नवंबर को फिर से हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है.
उठा रहे जरूरी कदम
बैंक ने स्टेटमेंट में आगे कहा गया है कि यद्यपि हड़ताल के दिन ब्रांचों में सुचारू कामकाज के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन हड़ताल की स्थिति में शाखाओं और बैंक कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो सकता है. बता दें कि ये बैंक हड़ताल ऐसे समय होने जा रही है जब शादी-ब्याह का सीजन शुरू हो चुका है, ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. सरकार IDBI बैंक के निजीकरण की तरफ तेजी से कदम बढ़ा रही है. इसके अलावा, कुछ और बैंक भी निजी हाथों में सौंपे जा सकते हैं, जिसका बैंककर्मी विरोध कर रहे हैं.
ये भी हैं प्रमुख मांगें
निजीकरण के अलावा, बैंककर्मियों की प्रमुख मांगों में सैलरी हाइक और 5-डेज वर्किंग भी शामिल है. उनका कहना है कि बीते कुछ समय में काम का बोझ काफी बढ़ गया है. जब LIC सहित कई कंपनियां हफ्ते में 5 दिन कामकाज की पॉलिसी अपना रही हैं, तो बैंकों में भी इसे अमल में लाया जा सकता है. ऑल इंडिया बैंक एम्पलॉइज एसोसिएशन (AIBEA) ने इस संबंध में एक नया प्रस्ताव तैयार करके हाल ही में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) को भेजा है. इस प्रस्ताव में कहा गया है कि रोजाना काम के घंटे को आधा घंटा बढ़ाकर हफ्ते में 5 दिन काम की पॉलिसी लागू की जा सकती है. AIBEA का कहना है कि बैंकों के कामकाज का समय आधा घंटा पहले शुरू किया जा सकता है, इससे हफ्ते में 5 दिन की नीति से कोई नुकसान नहीं होगा.
ऐसी हो सकती है व्यवस्था
बैंक यूनियन का कहना है कि बैंकों में काम का प्रस्तावित समय सुबह 9.15 बजे से शाम 4.45 बजे तक रखा जाए, जो अभी तक सुबह 9:45 बजे से शाम 4:45 बजे है. प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि बैंकों में कैश ट्रांजैक्शन से जुड़े कार्यों को सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे और गैर-कैश ट्रांजैक्शन से जुड़े कामकाज को दोपहर 2 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक किया जाए. एक रिपोर्ट में AIBEA के जनरल सेक्रेटरी, सीएच वेंकटाचलम के हवाले से बताया गया था कि हम बैंकों में 5 दिन का कार्य दिवस लागू करने की मांग कर रहे हैं. पिछले साल LIC में इसे लागू किया गया है. इसलिए हमने फिर से यह मांग दोहराई है.
टैग्स