होम / बिजनेस / IPhone यूजर्स कब से उठा सकेंगे एयरटेल की 5G सर्विस का लाभ, ये रहा जवाब
iPhone यूजर्स कब से उठा सकेंगे एयरटेल की 5G सर्विस का लाभ, ये रहा जवाब
भारती एयरटेल के CEO गोपाल विट्टल ने बताया कि Apple नवंबर में अपनी डिवाइसेस के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर अपडेट जारी करेगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
देश में 5G युग की शुरुआत हो चुकी है. हालांकि अभी ये केवल चुनिंदा शहरों में है, और धीरे-धीरे इसे पूरे देश में शुरू किया जाएगा. 5G सर्विस का लुत्फ़ उठाने के लिए अधिकांश लोगों को अपने हैंडसेट बदलने होंगे. iPhone की बात करें, तो 5G सपोर्ट के बावजूद इसके यूजर्स सर्विस इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं. देश में फिलहाल iPhone 12, iPhone 13, iPhone SE 3 और iPhone 14 सीरीज 5G सपोर्ट के साथ आती है. Apple इन फोन्स में 5G इनेबल करने के लिए टेस्टिंग कर रही है और जल्द ही iPhone यूजर्स भी 5G इस्तेमाल कर पाएंगे.
दिसंबर में मिलेगी सुविधा
भारती एयरटेल के CEO गोपाल विट्टल ने बताया कि Apple नवंबर में अपनी डिवाइसेस के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर अपडेट जारी करेगी. इसके बाद iPhone यूजर्स दिसंबर के मध्य तक एयरटेल की 5G सर्विस इस्तेमाल कर पाएंगे. इससे पहले, Apple ने भी कहा था कि 5G को एक सॉफ्टवेयर अपडेट के माध्यम से इनेबल किया जाएगा और दिसंबर से iPhone उपयोगकर्ता इसे इस्तेमाल कर सकेंगे.
दोनों नेटवर्क पर टेस्टिंग
ऐपल भारत में एयरटेल के NSA नेटवर्क और Jio के SA नेटवर्क दोनों पर टेस्ट कर रही है. फिलहाल ये दोनों टेलीकॉम ऑपरेटर्स ही देश में 5G सर्विसेस प्रदान कर रहे हैं. Apple ने बयान में कहा था कि हम भारत में अपने कैरियर पार्टनर्स के साथ काम कर रहे हैं, ताकि जैसे ही नेटवर्क सत्यापन और क्वालिटी टेस्टिंग पूरी हो जाए, हम iPhone यूजर्स को बेहतरीन 5G अनुभव प्रदान कर सकें.
दरों में बदलाव करेगी कंपनी
सैमसंग फोन में 5G सपोर्ट पर बोलते हुए विट्टल ने कहा कि सभी 5G-सक्षम डिवाइस 10-12 नवंबर तक एयरटेल हाई-स्पीड 5G सर्विस का लाभ उठा सकेंगी. उन्होंने बताया कि एयरटेल द्वारा 5G सेवाएं वर्तमान में 4G दरों पर प्रदान की जा रही हैं, लेकिन अगले छह से नौ महीनों में इसे संशोधित किया जाएगा. एयरटेल की योजना मार्च 2024 तक पूरे भारत में 5G कवरेज देने की है.
टैग्स