होम / बिजनेस / क्या फिर फूटने वाला है Hindenburg जैसा कोई बम?, सामने आई ये बड़ी खबर
क्या फिर फूटने वाला है Hindenburg जैसा कोई बम?, सामने आई ये बड़ी खबर
इसी साल जनवरी में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने तहलका मचा दिया था. इस रिपोर्ट ने अडानी समूह को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
अमेरिकी फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) की रिपोर्ट ने क्या तहलका मचाया था, आपको याद ही होगा. इस रिपोर्ट ने एक ही झटके में अडानी समूह (Adani Group) को अर्श से फर्श पर ला दिया था. रिपोर्ट में गौतम अडानी (Adani Group) के अडानी ग्रुप पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद स्टॉक मार्केट में अडानी की कंपनियों के शेयर रसातल में चले गए थे. अब भी अडानी समूह पूरी तरह उस रिपोर्ट के प्रभाव से बाहर नहीं आ पाया है. इस बीच, खबर है कि भारत के कुछ कॉरपारेट घरानों पर हिंडनबर्ग जैसा बम फूटने वाला है.
जॉर्ज सोरोस का समर्थन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आर्गेनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट (OCCRP) नामक संगठन भारत के कुछ औद्योगिक घरानों को लेकर बड़ा खुलासा करने की तैयारी में है. इस संगठन को अरबपति जॉर्ज सोरोस (George Soros) और रॉकफेलर ब्रदर्स फंड (Rockefeller Brothers Fund) का समर्थन प्राप्त है. खुद को खोजी रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म कहने वाला OCCRP इन औद्योगिक घराने के बारे में रिपोर्ट या लेखों की एक सीरीज प्रकाशित कर सकता है. बता दें कि OCCRP का गठन यूरोप, अफ्रीका, एशिया और लातिनी अमेरिका में फैले कम से कम 24 गैर-लाभकारी जांच केंद्रों द्वारा किया गया है.
अब तक घरानों की पहचान नहीं
2006 में अस्तित्व में आया OCCRP संगठित अपराध पर रिपोर्टिंग में विशेषज्ञता का दावा करता है और मीडिया हाउसेस के साथ साझेदारी में रिपोर्ट, लेखों को प्रकाशित करता है. OCCRP को जॉर्ज सोरोस की यूनिट ओपन सोसायटी फाउंडेशन फंड मुहैया कराती है. इसके अलावा, उसे फोर्ड फाउंडेशन, रॉकफेलर ब्रदर्स फंड और ओक फाउंडेशन से भी फंड मिलता है. हालांकि, अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि OCCRP के निशाने पर कौनसे कॉर्पोरेट हाउसेस हैं, लेकिन यह कहा जा रहा है कि संगठन पूंजी बाजार पर कड़ी निगरानी रख रहा है.
टैग्स