होम / बिजनेस / Adani अब अच्छे से बता सकते हैं क्या होते हैं 'अच्छे दिन', एक झटके में इतना बढ़ा मार्केट कैप
Adani अब अच्छे से बता सकते हैं क्या होते हैं 'अच्छे दिन', एक झटके में इतना बढ़ा मार्केट कैप
शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली, लेकिन अडानी समूह की सभी कंपनियों के शेयरों में तेजी रिकॉर्ड हुई.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
'अच्छे दिन' क्या होते हैं, ये गौतम अडानी (Gautam Adani) अब अच्छे से बता सकते हैं. अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग (Hindenburg) की नेगेटिव रिपोर्ट ने अडानी समूह (Adani Group) को इस कदर नुकसान पहुंचाया था कि उसकी कंपनियों के शेयर लगातार गिरते जा रहे थे, लेकिन अब उनमें तेजी का रुख है. सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन अडानी समूह की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. इससे समूह के मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी उछाल आया.
छह महीने में सबसे ज्यादा
अडानी समूह का मार्केट कैपिटलाइजेशन 11 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है, जो पिछले 6 महीने में सबसे ज्यादा है. फरवरी के बाद से यह पहली बार अडानी समूह का मार्केट कैप 11 लाख करोड़ के पार पहुंचा है. बता दें कि इसी साल जनवरी में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें अडानी समूह पर गंभीर आरोप लगाए गए थे. इसके तुरंत बाद से अडानी की कंपनियों के शेयरों में गिरावट शुरू हो गई थी और गौतम अडानी की दौलत का पहाड़ भी दरकने लगा था.
इनमें आई जबरदस्त तेजी
शुक्रवार को गिरावट वाले बाजार में भी अडानी की लिस्टेड 10 कंपनियों के शेयर उड़ान पर थे. समूह की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के साथ-साथ Adani Power, Adani Ports, Adani Transmission, Adani Green Energy, Adani Total Gas, Adani Wilmar, ACC, Ambuja Cements और NDTV के शेयरों में तेजी दर्ज की गई. अडानी एंटरप्राइजेज 3.68% की तेजी के साथ 2,570.95 रुपए पर बंद हुआ. जबकि अडानी पावर में शानदार 6.30% का उछाल आया. इसी तरह, अडानी पोर्ट्स भी 3.01% और अडानी ग्रीन एनर्जी 7.02% की छलांग के साथ बंद हुआ. एक रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार की तेजी के चलते अडानी समूह का मार्केट कैप 6 महीने की ऊंचाई पर पहुंच गया है.
इस वजह से आई तेजी
पिछले कुछ समय से अडानी समूह को लेकर पॉजिटिव खबरें सामने आ रही हैं, जिससे निवेशकों का विश्वास समूह में मजबूत हुआ है. लेकिन, शुक्रवार की तेजी आबू धाबी से आई एक खबर के चलते आई. दरअसल, आबू धाबी की नेशनल एनर्जी कंपनी PJSC (TAQA) के अडानी समूह में निवेश की खबर सामने आते ही अडानी पावर सहित समूह की अन्य कंपनियों के शेयरों को पंख लग गए. हालांकि, बाद में समूह ने स्पष्ट किया कि PJSC (TAQA) के साथ निवेश को लेकर उसकी कोई बातचीत नहीं चल रही है. मगर तब तक शेयरों ने उड़ान भरना शुरू कर दिया था. गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिकी फर्म GQG पार्टनर्स ने अडानी समूह में एक बड़ा निवेश किया है.
टैग्स