विदेश विभाग ने कहा की हम अमेरिकी नागरिकों को सलाह देते हैं कि वे यात्रा की योजना बनाते समय हमारी ट्रैवल एडवाइजरी, देश-विशेष जानकारी और हालिया सुरक्षा अलर्ट को ध्यान से पढ़ें
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी सैन्य हमले के एक दिन बाद, अमेरिकी विदेश विभाग ने 22 जून को एक 'वर्ल्डवाइड कॉशन सिक्योरिटी अलर्ट' जारी किया है. इस अलर्ट में दुनिया भर में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
अलर्ट में कहा गया है, “इसराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण मध्य पूर्व में हवाई यात्रा बाधित हुई है और कई बार एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद किया गया है. अमेरिकी नागरिकों और अमेरिकी हितों के खिलाफ दुनियाभर में प्रदर्शन की संभावना है.”
विदेश विभाग ने कहा, “हम अमेरिकी नागरिकों को सलाह देते हैं कि वे यात्रा की योजना बनाते समय हमारी ट्रैवल एडवाइजरी, देश-विशेष जानकारी और हालिया सुरक्षा अलर्ट को ध्यान से पढ़ें.”
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की कड़ी चेतावनी
ईरान द्वारा बुलाए गए आपातकालीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में अमेरिका की कार्यवाहक राजदूत डोरोथी शीयर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी को दोहराया. उन्होंने कहा, “अगर ईरान अमेरिका या उसके सैन्य ठिकानों पर प्रत्यक्ष या परोक्ष हमला करता है तो अमेरिका की प्रतिक्रिया बेहद विनाशकारी होगी.”
डोरोथी शीयर ने स्पष्ट किया कि अमेरिका की यह कार्रवाई इसराइल और अपने नागरिकों की रक्षा के लिए की गई है ताकि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका जा सके. इससे पहले 21 जून को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Truth Social पर पोस्ट करते हुए लिखा था, “ईरान की ओर से अमेरिका के खिलाफ कोई भी प्रतिशोध, आज रात जो देखा गया उससे कहीं ज्यादा ताकतवर प्रतिक्रिया का सामना करेगा.”
ईरान ने दी चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत आमिर सईद ईरावानी ने कहा कि “तेहरान की प्रतिक्रिया का समय, स्वरूप और तीव्रता उसके सशस्त्र बल तय करेंगे.” उन्होंने यह बयान यूएन की बैठक के दौरान दिया.
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने यह अलर्ट जारी कर दुनियाभर में अपने नागरिकों को सतर्क किया है. स्थिति पर वैश्विक निगरानी बढ़ गई है और आगे की कार्रवाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय चिंतित है.