रोहिन शाह: भरोसे और अनुशासन से गढ़ी वैश्विक पहचान

ANAROCK के सह-संस्थापक और निदेशक के रूप में वह भारतीय प्रॉपर्टी सर्विसेज़ सेक्टर में अहम भूमिका निभा रहे हैं, वहीं लंदन स्थित Marylebone Asset Management के ज़रिए करीब 60 फैमिली ऑफिसों को सलाह भी देते हैं

Last Modified:
Thursday, 25 September, 2025
BWHindi

भारतीय रियल एस्टेट सेक्टर में पिछले तीन दशकों से भरोसे और अनुशासन की मिसाल बने रोहिन शाह ने अपने करियर को भारत से लेकर ब्रिटेन और अफ्रीका तक फैलाया है. ANAROCK के सह-संस्थापक और निदेशक के रूप में वह भारतीय प्रॉपर्टी सर्विसेज़ सेक्टर में अहम भूमिका निभा रहे हैं, वहीं लंदन स्थित Marylebone Asset Management के ज़रिए करीब 60 फैमिली ऑफिसों को सलाह भी देते हैं.

उनका कहना है कि कामयाबी का असली आधार जुनून और सादगी है. यही वजह है कि आज भी वे कागज़ की डायरी और ‘ज़ीरो-इनबॉक्स’ नियम जैसी साधारण आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए हुए हैं. उनका मानना है कि अनुशासन ही नेतृत्व और दीर्घकालिक भरोसे की कुंजी है.

तीन दशक का सफर
रोहिन शाह ने 1986 में Jones Lang LaSalle से करियर की शुरुआत की. 1992 में भारत लौटकर उन्होंने प्रॉपर्टी बाज़ार में कदम रखा. दो साल बाद अनुज पुरी के साथ उनकी साझेदारी ने भारतीय रियल एस्टेट सेक्टर में एक स्थायी पहचान बनाई.

शैक्षणिक पृष्ठभूमि ने भी उनके करियर को मज़बूती दी. रीडिंग यूनिवर्सिटी से लैंड मैनेजमेंट और सिटी यूनिवर्सिटी लंदन से प्रॉपर्टी इन्वेस्टमेंट में डिग्री लेने के बाद उन्हें 2011 में RICS का Eminent Fellow नामित किया गया.

2017 में स्थापित ANAROCK आज 1,800 से अधिक कर्मचारियों और 14 दफ्तरों के साथ देश की अग्रणी रियल एस्टेट सर्विस फर्म है. पिछले वर्ष कंपनी ने 360 ONE Asset से 200 करोड़ रुपये का निवेश जुटाया था, जिसका मकसद तकनीकी क्षमता और सेवाओं का विस्तार करना है.

लंदन स्थित Marylebone Asset Management उनकी पारिवारिक विरासत से जुड़ी है. 1972 में उनके पिता सोभाग शाह ने इस व्यवसाय की नींव रखी थी. आज इसके ज़रिए यूरोप, भारत और अफ्रीका के बीच पूंजी प्रवाह का नेटवर्क खड़ा किया गया है.

वैश्विक प्रोजेक्ट्स और नेतृत्व दर्शन
नैरोबी में 32 एकड़ में फैले वर्ल्ड ट्रेड सेंटर प्रोजेक्ट में उनकी सक्रिय भागीदारी उनकी वैश्विक दृष्टि को दर्शाती है. शाह का मानना है कि “लीडरशिप का मतलब दिखाई देना और ज़िम्मेदारी निभाना है.” उनका कहना है कि सबसे अच्छे नेता वही हैं जो टीम और क्लाइंट दोनों के बीच मौजूद रहते हैं.

उनके लिए व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी भरोसा है. यही कारण है कि कई सौदे वह केवल हैंडशेक पर पूरा करते हैं.

मार्गदर्शन और मेंटरशिप को शाह अपनी ज़िम्मेदारी मानते हैं. वह युवा पेशेवरों को अक्सर यह सलाह देते हैं कि “अपने आसपास ऐसे लोग रखें जो आपको प्रेरित करें.” 35 साल से अधिक लंबे करियर में रोहिन शाह ने दिखाया है कि वैश्विक स्तर पर कारोबार खड़ा करने के लिए सिर्फ पूंजी नहीं, बल्कि भरोसा, अनुशासन और सादगी भी उतनी ही ज़रूरी है.

TAGS bw-hindi