घर निमंत्रण देकर आए थे अंबानी, फिर क्यों अनंत-राधिका की शादी में नहीं जाएंगे राहुल गांधी?

अब लगभग यह साफ हो गया है कि आज होने वाली अनंत-राधिका की शादी से कांग्रेस लीडर राहुल गांधी दूर ही रहेंगे.

Last Modified:
Friday, 12 July, 2024
BWHindi

मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के घर में आज शादी है. अनंत अंबानी राधिका मर्चेंट (Anant-Radhika Wedding) के साथ सात फेरे लेने वाले हैं. इस शाही शादी का गवाह बनने के लिए कौन-कौनसी हस्तियां मौजूद रहेंगी  इस पर सभी नज़र टिकी है. मुकेश अंबानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल-सोनिया गांधी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री सहित तमाम VVIP को निमंत्रण दिया है. PM मोदी रूस और ऑस्ट्रिया दौरे से वापस लौट चुके हैं, ऐसे में उनकी शादी में शिरकत करने की पूरी संभावना है. महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे का भी शादी में जाना लगभग तय माना जा रहा है. लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अनंत-राधिका की शादी में शामिल नहीं होंगे . गांधी परिवार का कोई भी सदस्य इसका हिस्सा नहीं बनेगा. 

14 को जाएंगे महाराष्ट्र 
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो राहुल, सोनिया और प्रियंका गांधी में से कोई भी अंबानी परिवार की इस शादी में शरीक नहीं होगा. मुकेश अंबानी ने कुछ दिन पहले राहुल-सोनिया से व्यक्तिगत मुलाकात कर उन्हें निमंत्रण सौंपा था. तब से राहुल के अनंत-राधिका की शादी में जाने की चर्चा चल रही थी, लेकिन अब यह लगभग पूरी तरह से साफ हो गया है कि कांग्रेस लीडर इस शादी से दूर रहेंगे. यहां, गौर करने वाली बात ये है कि राहुल गांधी 14 जुलाई को मुंबई पहुंच रहे थे. यदि वह चाहते तो दिन पहले आकर  12 जुलाई को शादी में शरीक हो सकते थे.  

विरोधियों का सता रहा है डर?
राहुल या गांधी परिवार की तरफ से फिलहाल शादी से दूरी का कोई कारण नहीं बताया गया है, लेकिन कयासों का दौर ज़रूर शुरू हो गया है. माना जा रहा है कि राहुल इसलिए शादी का हिस्सा नहीं बन रहे हैं, क्योंकि वह मुकेश अंबानी और गौतम अडानी को लेकर मोदी सरकार को घेरते रहे हैं. लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने देश के इन दो अरबपतियों के सहारे भाजपा को घेरने की कोशिश की थी. ऐसे में यदि वह अनंत अंबानी की शादी में हिस्सा लेते हैं, तो विरोधियों के निशाने पर आ सकते हैं. राहुल प्रत्यक्ष तौर पर अंबानी परिवार से नजदीकी नहीं दिखाना चाहते, इसलिए वह शादी से  खुद को दूर रख रहे हैं .

शरद पवार का निमंत्रण स्वीकारा 
राहुल गांधी इसी साल अक्तूबर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं. ऐसे में अंबानी परिवार से नजदीकी उनके पुराने दावों के विपरीत नजर आ सकती है. शादी का हिस्सा बनने के बजाये वह 14 जुलाई को  एनसीपी (शरद गुट) के मुखिया शरद पवार के बुलावे पर महाराष्ट्र जा रहे हैं.  पवार ने उन्हें पंढरपुर यात्रा के लिए निमंत्रण दिया है. बता दें कि पंढरपुर यात्रा महाराष्ट्र में प्रमुख धार्मिक आयोजन है, इससे स्थानीय लोगों श्रद्धा जुड़ी हुई है. NCP और कांग्रेस का मानना है कि इससे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में विपक्ष को मजबूती मिलेगी. इस यात्रा के माध्यम से वह राज्य की जनता के ज्यादा करीब पहुंच पाएंगे, जबकि अंबानी परिवार की शादी में शामिल होने पर विरोधी उन पर सवाल दागेंगे.

ईशा की शादी से भी रहे थे दूर
राहुल गांधी इससे पहले ईशा अंबानी की शादी में भी नहीं गए थे. दिसंबर 2018 में मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी की आनंद पीरामल के साथ शादी हुई थी. इस शाही शादी में देश की तमाम दिग्गज हस्तियां पहुंची थीं. पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मेनका गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, कांग्रेस नेता पी चिदंबरम, एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन भी इस शाही शादी में शामिल हुए थे. लेकिन PM मोदी, राहुल और सोनिया गांधी इसका हिस्सा नहीं बने थे.  

इस वजह से नहीं की थी शिरकत  
ईशा की शादी में PM मोदी और सोनिया-राहुल के न पहुंचने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाये गए थे, लेकिन बाद में यह बताया गया कि चुनावी व्यस्तता के चलते तीनों अंबानी परिवार के शादी का हिस्सा नहीं बन सके.  दरअसल, मुकेश अंबानी ने जब बेटी ईशा अंबानी की शादी की थी, उस वक्त 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव का दौर चल रहा था. ऐसे में पीएम मोदी चुनावों में व्यस्त थे. वहीं राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी चुनावों में व्यस्त होने की वजह से इस शादी में नहीं पहुंच पाए थे.