यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक "द ऑफिसर ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ द स्टार ऑफ़ घाना" से नवाजा गया
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
प्रधानमंत्री की घाना यात्रा के दौरान भारत और घाना के द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई पर पहुंचाया गया. दोनों देशों ने आपसी सहयोग को मजबूत करते हुए संबंधों को 'व्यापक साझेदारी' (Comprehensive Partnership) के स्तर तक बढ़ाने की घोषणा की.
प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक यात्रा के अवसर पर दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए. भारत और घाना के बीच सांस्कृतिक विनिमय कार्यक्रम (Cultural Exchange Programme) पर एक समझौता हुआ है, जिसका उद्देश्य कला, संगीत, नृत्य, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में आपसी समझ और सहयोग को बढ़ाना है.
मानकीकरण और गुणवत्ता में साझेदारी
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) और घाना मानक प्राधिकरण (GSA) के बीच समझौता हुआ है, जिसके तहत दोनों देशों के बीच मानकीकरण, प्रमाणन और गुणवत्ता आकलन के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाया जाएगा.
पारंपरिक चिकित्सा में संयुक्त शोध
घाना के पारंपरिक और वैकल्पिक चिकित्सा संस्थान (ITAM) तथा भारत के आयुर्वेद शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (ITRA) के बीच समझौता हुआ है. यह समझौता पारंपरिक चिकित्सा की शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान में सहयोग को प्रोत्साहित करेगा.
दोनों देशों ने संयुक्त आयोग बैठक (Joint Commission Meeting) को लेकर भी समझौता किया है, जिससे द्विपक्षीय सहयोग की नियमित समीक्षा और उच्च स्तरीय संवाद को एक संस्थागत रूप मिलेगा.
प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत-घाना संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग को नई दिशा और ऊर्जा मिली है.
यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक "द ऑफिसर ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ द स्टार ऑफ़ घाना" से नवाजा गया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा: "राष्ट्रपति जी द्वारा घाना के राष्ट्रीय अवार्ड ‘द ऑफिसर ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ द स्टार ऑफ़ घाना’ से सम्मानित किया जाना मेरे लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है. मैं राष्ट्रपति महामा जी, घाना सरकार और घाना के लोगों का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ. मैं इस सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों की ओर से विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूँ."