नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन केवल एक नेता का नहीं, बल्कि उस विचारधारा का उत्सव है जिसमें आत्मविश्वास, राष्ट्रनिर्माण और विकास की धारा बहती है.
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी आज यानी 17 सितंबर 2025 को अपने जीवन के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं. यह अवसर केवल उनके व्यक्तिगत जीवन का उत्सव नहीं है, बल्कि भारत की उस यात्रा का भी प्रतीक है जिसे उन्होंने अपने नेतृत्व, दृष्टि और दृढ़ संकल्प से नई दिशा दी है. तो आइए अस खास मौके पर हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और उनके जीवन की शुरुआत से लेकर आज देश के प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा को विस्तार से जानते हैं.
बचपन और संघर्ष
नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में एक साधारण परिवार में हुआ. उनके पिता एक छोटे व्यापारी थे और जीवन परिस्थितियाँ बेहद सामान्य थीं. बचपन में चाय बेचने से लेकर बड़े सपनों को देखने तक की उनकी यात्रा कठिनाईयों से भरी रही.
संघ और राजनीति में प्रवेश
युवा अवस्था में मोदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े. यहाँ से उन्हें अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और संगठन क्षमता की शिक्षा मिली. 1980 के दशक में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में सक्रिय राजनीति की शुरुआत हुई. संगठन में मेहनत और रणनीति की वजह से वे जल्दी ही पार्टी के प्रमुख नेताओं की पंक्ति में शामिल हो गए.
गुजरात के मुख्यमंत्री
2001 में नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने. उनके नेतृत्व में राज्य ने तीव्र गति से विकास किया. सड़क, बिजली, शिक्षा और उद्योगों में गुजरात का मॉडल देश और दुनिया में चर्चा का विषय बना. 2002 के दंगों के कठिन दौर के बावजूद मोदी ने गुजरात को विकास की राह पर आगे बढ़ाया.
भारत के प्रधानमंत्री
2014 में नरेंद्र मोदी भारी बहुमत के साथ भारत के प्रधानमंत्री बने। यह भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण था क्योंकि लंबे समय बाद किसी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला था.
- पहला कार्यकाल (2014–2019): स्वच्छ भारत मिशन, जन-धन योजना, मेक इन इंडिया, उज्ज्वला योजना, डिजिटल इंडिया जैसी पहलें शुरू कीं.
- दूसरा कार्यकाल (2019–2024): अनुच्छेद 370 का हटना, तीन तलाक कानून, नागरिकता संशोधन अधिनियम और आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसे बड़े कदम उठाए.
- वर्तमान नेतृत्व (2024–2025): तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले मोदी जी आजादी के बाद के पहले नेता हैं जिनके नेतृत्व में लगातार तीन बार बीजेपी को बहुमत मिला.
अंतरराष्ट्रीय छवि
नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई. वे विश्व के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं. उनकी विदेश नीति "वसुधैव कुटुंबकम्" के सिद्धांत पर आधारित है. जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी और ‘भारत मंडपम’ जैसी उपलब्धियाँ उनकी कूटनीतिक सफलता की गवाही देती हैं.
व्यक्तिगत जीवन और प्रेरणा
मोदी का जीवन सादगी, अनुशासन और कठोर परिश्रम का उदाहरण है. योग, ध्यान और भारत की संस्कृति के प्रति गहरा लगाव उनके व्यक्तित्व का अहम हिस्सा है. वे करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं कि सामान्य परिस्थितियों से उठकर भी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व किया जा सकता है.
प्रधानमंत्री के नाम न घर, जमीन न ही कोई वाहन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषित संपत्ति साधारण है. 2024 के चुनावी हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति लगभग ₹3.02 करोड़ है, जिसमें ज़्यादातर हिस्सा बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट (₹2.85 करोड़) और नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (₹9.12 लाख) में निवेश के रूप में है. उनके पास केवल चार सोने की अंगूठियाँ (2.67 लाख) और लगभग ₹52,920 नकद है. खास बात यह है कि उनके नाम पर कोई मकान, जमीन या वाहन नहीं है. प्रधानमंत्री के रूप में उनका मासिक वेतन करीब ₹1.66 लाख है, जिसमें मूल वेतन (₹50,000), संसदीय भत्ता (₹45,000), व्यय भत्ता और दैनिक भत्ता शामिल हैं. इसके अतिरिक्त उन्हें आधिकारिक आवास (7, लोक कल्याण मार्ग), सुरक्षा, सरकारी विमान व वाहन जैसी सुविधाएँ भी प्राप्त हैं. यह सब दर्शाता है कि मोदी जी का जीवन साधारण आर्थिक ढांचे के साथ जिम्मेदारियों और सार्वजनिक सेवा की ओर केंद्रित है.