Next Engineers प्रोग्राम भारत में STEM शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम है. यह न सिर्फ इंजीनियरिंग में रुचि रखने वाले छात्रों को बेहतर अवसर देगा, बल्कि देश के इंजीनियरिंग टैलेंट पाइपलाइन को भी मजबूत करेगा.
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
GE Aerospace Foundation और United Way Bengaluru (UWBe) ने साझेदारी में भारत में ‘Next Engineers’ प्रोग्राम की शुरुआत की है. इस कार्यक्रम का उद्देश्य 13 से 18 वर्ष की उम्र के छात्रों को इंजीनियरिंग करियर के लिए तैयार करना और उन्हें उच्च शिक्षा व व्यावसायिक अवसरों के लिए प्रेरित करना है.
इंजीनियरिंग टैलेंट तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम
GE Aerospace Foundation की अध्यक्ष और GE Aerospace में ग्लोबल पब्लिक अफेयर्स की प्रमुख मेघन थर्लो ने कहा, "बेंगलुरु नवाचार और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का केंद्र रहा है, जो इस प्रोग्राम के लिए एक उपयुक्त स्थान है. हमारा लक्ष्य है कि इस पहल के माध्यम से हम हजारों छात्रों को इंजीनियरिंग क्षेत्र में करियर के लिए प्रेरित कर सकें."
Next Engineers प्रोग्राम छात्रों को हाथों-हाथ अनुभव, करियर कोचिंग, और यूनिवर्सिटी रेडीनेस जैसी सुविधाएं प्रदान करता है. अब तक यह पहल दुनियाभर में 26,000 से अधिक छात्रों तक पहुँच चुकी है. बेंगलुरु इसका एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में पहला शहर है जहां यह कार्यक्रम शुरू किया गया है.
United Way Bengaluru बनेगा स्थानीय क्रियान्वयन साझेदार
United Way Bengaluru, जो पिछले 17 वर्षों से सामाजिक मुद्दों पर प्रभावशाली काम कर रहा है, अब इस प्रोग्राम को बेंगलुरु में संचालित करेगा. CEO राजेश कृष्णन ने कहा, "बेंगलुरु भारत का इनोवेशन हब है और यहां के युवाओं में अपार क्षमता है. हमारा लक्ष्य है कि हम वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों को जरूरी स्किल्स और आत्मविश्वास दें ताकि वे इंजीनियरिंग और एप्लाइड साइंस के क्षेत्र में भविष्य बना सकें."
प्रोग्राम में दो प्रमुख पहलू होंगे
1. Engineering Discovery : माध्यमिक स्तर के छात्रों के लिए
2. Engineering Academy : उच्च शिक्षा के लिए तैयारी कर रहे छात्रों के लिए
Engineering Academy में छात्र डिजाइन चैलेंज, करियर गाइडेंस और यूनिवर्सिटी रेडीनेस वर्कशॉप में भाग लेंगे. जो छात्र इस प्रोग्राम को पूरा करेंगे और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करेंगे, उन्हें स्कॉलरशिप भी मिल सकती है.
कर्मचारियों की भागीदारी से बनेगा सपोर्टिव माहौल
GE Aerospace के इंडिया टेक्नोलॉजी सेंटर के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर आलोक नंदा ने कहा, "Next Engineers हमारे युवाओं में इंजीनियरिंग की प्रेरणा जगाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. हमारे कर्मचारी लंबे समय से STEM शिक्षा में स्वयंसेवक के रूप में जुड़े रहे हैं, और उनके अनुभव से छात्रों को बड़ा लाभ होगा." उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह प्रोग्राम इंडस्ट्री में मौजूद स्किल गैप को भरने की दिशा में भी एक बड़ा योगदान देगा.
2030 तक $20 मिलियन का निवेश
GE Aerospace Foundation ने Next Engineers कार्यक्रम के लिए 5 वर्षों में 20 मिलियन डॉलर तक का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है. यह कार्यक्रम साल 2030 तक जारी रहेगा. बेंगलुरु में इसे वर्ष 2026 की शुरुआत से लागू किया जाएगा, और लक्ष्य है कि चार वर्षों में 4,000 से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिले. बेंगलुरु से पहले यह कार्यक्रम अमेरिका के सिनसिनाटी और पोलैंड के वारसा में भी लॉन्च हो चुका है.