EMEA और APAC के सीईओ और ग्लोबल पार्टनरशिप्स हेड के रूप में निभाई अहम भूमिका, कंपनी को 200 मिलियन डॉलर से अधिक की फंडिंग दिलाने में रहे अग्रणी
by
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो ।।
एआई-आधारित मार्केटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी Pixis में पांच साल तक वैश्विक विस्तार की कमान संभालने के बाद नील पंड्या ने CEO – EMEA & APAC और ग्लोबल हेड ऑफ पार्टनरशिप्स के पद से इस्तीफा दे दिया है,
Pixis के शुरुआती दिनों में टीम से जुड़ने वाले पंड्या ने भारत, एशिया-प्रशांत, यूरोप, MENA, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड और अमेरिका जैसे क्षेत्रों में कंपनी के संचालन का विस्तार करने में अहम भूमिका निभाई. उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने SoftBank, General Atlantic और Celesta Capital जैसे वैश्विक निवेशकों से 200 मिलियन डॉलर से अधिक की फंडिंग जुटाई और 10 गुना से अधिक व्यावसायिक वृद्धि हासिल की.
नील पंड्या के नेतृत्व में Pixis ने नए उद्योग क्षेत्रों में प्रवेश किया, अपने गो-टू-मार्केट मॉडल को मज़बूत किया, अंतरराष्ट्रीय टीमों का गठन किया और रणनीतिक साझेदारियों के ज़रिए वैश्विक ब्रांड उपस्थिति को भी सुदृढ़ किया.
अपने सफर को याद करते हुए पंड्या ने कहा, “मैं एक बाज़ारिया (marketer) के रूप में जुड़ा था, लेकिन जल्द ही मैं CMOs और कोड के बीच की कड़ी बन गया - बिजनेस के सपनों को प्रोडक्ट रियलिटी में बदलने वाला. Pixis में जो कुछ भी हमने खड़ा किया, वह हिम्मत, महत्वाकांक्षा और मुमकिन पर विश्वास की देन है.”
Pixis में शामिल होने से पहले पंड्या Vodafone, L’Oréal और Unilever जैसी दिग्गज कंपनियों में नेतृत्व पदों पर कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने मीडिया, डेटा-ड्रिवन मार्केटिंग और वैश्विक ब्रांड रणनीति में कई नवाचार किए.
अब वह कुछ समय के लिए "रुकने, सोचने और खुद को फिर से ऊर्जा देने" के लिए पीछे हट रहे हैं.